अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में बंद पप्पू गुर्जर की अचानक बिगड़ी तबीयत
अजमेर, 6 जुलाई(हि.स.)। कुख्यात डकैत मृतक जगन गुर्जर का भाई अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद पप्पू गुर्जर की सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। खाना खाने के बाद उसने सीने में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद जेल प्रशासन ने तत्काल चिकित्सकीय जांच कराई।
जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ ने बताया कि सबसे पहले जेल के चिकित्सक ने पप्पू गुर्जर का प्राथमिक उपचार किया। एहतियात के तौर पर उसे पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच जवाहरलाल नेहरू अस्पताल भेजा गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया। अस्पताल में आवश्यक जांच और उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे पुनः हाई सिक्योरिटी जेल भेज दिया। फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। गौरतलब है कि पप्पू गुर्जर डकैत जगन गुर्जर का भाई है। हाल ही में 29 जून को अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में जगन गुर्जर की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में भरतपुर के कुलदीप जघीना हत्याकांड के आरोपित विष्णु जाट पर हत्या का आरोप है। जगन गुर्जर का अंतिम संस्कार 1 जुलाई को धौलपुर जिले के भवूतीपुरा गांव में किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष