कांग्रेस राज में हुए 17 पेपर लीक, 34 अभ्यर्थियों ने की आत्महत्या: राजेन्द्र राठौड़

 




जयपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश-प्रदेश में कांग्रेस का जनाधार लगातार गिर रहा है और कांग्रेस मिटती जा रही है। अभी पश्चिम बंगाल और बिहार के चुनाव में कांग्रेस के विधायक दो अंकों में नहीं जीते। अपने खोए हुए जनाधार को ढूंढने के लिए बैसाखियों के सहारे चलना कांग्रेस की फितरत हो गई है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के नाम पर कांग्रेस आज घड़ियाली आंसू बहा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और तत्कालीन शिक्षा मंत्री गोविंद डोटासरा सहानुभूति लेना चाहते हैं, जबकि उनके समय में सबसे ज्यादा पेपर लीक हुए तथा शिक्षा मंत्री के रूप में जिनका नाम भी पेपर लीक के अंदर कई प्रकार से आए।

राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस सरकार में आए दिन नेटबंदी के बावजूद 17 परीक्षाओं के पेपर लीक हुए और 34 से ज्यादा अभ्यर्थियों ने आत्महत्याएं की। लेकिन उस समय इन कांग्रेस नेताओं को अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की मानसिक स्थिति के बारे में जरा भी ख्याल नहीं आया।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में इन पौने तीन वर्षों में कांग्रेस एक भी जनआंदोलन खड़ा नहीं कर पाई। कांग्रेस इस मुगालते में है कि उनके गुमराह किए जाने पर विद्यार्थी उनके पीछे आकर खड़े हो जाएंगे, लेकिन यहां का विद्यार्थी और नौजवान भी समझता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय राजस्थान में सर्वाधिक बेरोजगारी दर पूरे देश में दूसरे नंबर पर में थी। आज कांग्रेस पर ‘उल्टे बांस बरेली को’ की कहावत चरितार्थ हो रही है। इनके इस षड्यंत्र में कोई आने वाला नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर