ट्रेनों में अचानक पहुंची जांच टीम, बेटिकट यात्रियों में मचा हडक़ंप

 


जोधपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में मेगा टिकट जांच अभियान के दौरान ट्रेनों में अचानक टिकट जांच टीम पहुंची तो बेटिकट यात्रियों में हडक़ंप मच गया। जोधपुर-लूनी-मारवाड़ जंक्शन और लूनी-समदड़ी रेलखंड पर टीम ने कई ट्रेनों में औचक जांच की। टिकट जांच के साथ अनधिकृत वेंडिंग, धूम्रपान और गंदगी फैलाने वालों पर भी कार्रवाई की गई। अभियान में 367 मामलों में कार्रवाई कर रेलवे ने 2.43 लाख रुपए का बड़ा राजस्व जुटाया।

सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे की प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक सीमा शर्मा और डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के निर्देश पर मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी के नेतृत्व में 19 टिकट चैकिंग कर्मचारियों ने करीब 14 घंटे तक सघन जांच की। अभियान का बेस स्टेशन लूनी रखा गया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान 359 बेटिकट एवं अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया और उनसे 2 लाख 30 हजार 315 रुपए वसूले गए। इसके अलावा अनधिकृत वेंडिंग के छह मामलों में 10 हजार 125 रुपए, धूम्रपान के एक मामले में 2 हजार रुपए और गंदगी फैलाने के एक मामले में एक हजार रुपए जुर्माना वसूला गया। अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल स्टाफ ने भी पूरे समय साथ रहकर वसूली में सहयोग किया। इस तरह कुल 367 मामलों में 2 लाख 43 हजार 440 रुपए का उल्लेखनीय राजस्व प्राप्त हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश