बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री शुक्रवार को आएंगे अलवर, आज हजारों महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा
अलवर, 05 अक्टूबर(हि.स.)। शहर में बाबा बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री द्वारा हनुमंत कथा का आयोजन शुक्रवार से होने जा रहा है। इससे पहले महिलाओं ने गुरुवार को शहर में कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा में ग्यारह हजार महिलाएं शामिल हुई। महिलाओं में हनुमान कथा को लेकर काफी उत्साह देखा गया। कलश लेकर यात्रा में शामिल हुई महिलाएं डीजे की धुन पर नाचते हुए दिखाई दी। यात्रा के दौरान बाबा बागेश्वर का रथ, हनुमान जी, राधा कृष्ण व अघोरी महादेव की झांकियां शामिल थी। जिस मार्ग से कलश यात्रा निकली उन सभी मार्गों पर लोगों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। हनुमान कथा सुनने के लिए एनसीआर, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब सहित राजस्थान के अन्य जिलों से बड़ी संख्या में लोग अलवर पहुंच रहे हैं। यह कलश यात्रा हैप्पी स्कूल से शुरू होकर मन्नी का बढ़, घंटाघर, रोड नंबर दो, भगत सिंह का चौराहा, अग्रसेन पुलिया होते हुए कृषि उपज मंडी पहुंची। जहां कलश यात्रा का समापन हुआ। आयोजकों द्वारा कथा सुनने के लिए करीब 4 से 5 लाख लोगों के आने की संभावना जताई जा रही है। जिसे लेकर कथा समिति व जिला प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/ मनीष बावलिया /ईश्वर