पंचमुखी हनुमान मंदिर में सात साै किलो आम का भोग
जयपुर, 23 जून (हि.स.)। मोती डूंगरी स्थित प्रसिद्ध पंचमुखी हनुमान मंदिर में मंगलवार को भगवान हनुमान को 700 किलो आम का विशेष भोग अर्पित किया गया। गर्मी के मौसम और आम के सीजन को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में आमों से भव्य एवं आकर्षक झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
मंदिर में सुबह विशेष पूजा-अर्चना और आरती के बाद हनुमानजी को आम का भोग लगाया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए दर्शन खोले गए। दिनभर बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे और आमों से सजी झांकी के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की प्रार्थना की।
मंदिर के पुजारी गोविंद दास ने बताया कि गर्मी के मौसम में आम का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी परंपरा के तहत पंचमुखी हनुमान मंदिर में प्रतिवर्ष आम का भोग लगाया जाता है। इस वर्ष भी 700 किलो आमों से भगवान का विशेष श्रृंगार कर भव्य झांकी सजाई गई।
उन्होंने बताया कि भोग में उपयोग किए गए आमों से बुधवार को जूस तैयार किया जाएगा, जिसे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप वितरित किया जाएगा। इसके लिए मंदिर प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु प्रसाद का लाभ प्राप्त कर सकें।
आमों से सजी मनोहारी झांकी और विशेष भोग के दर्शन के लिए दिनभर मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर हनुमानजी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश