पंचायतीराज चुनाव: मतगणना के लिए 27 कक्ष और 243 टेबल तैयार
जयपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। पंचायतीराज आम चुनाव के तहत जयपुर जिले में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतगणना शुक्रवार को सीकर रोड स्थित श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी में सुबह 8 बजे से शुरू होगी। मतगणना को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां और व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि जिला परिषद के 57 वार्डों की मतगणना के लिए पांच कक्षों में 98 टेबल निर्धारित की गई हैं। वहीं, जिले की 22 पंचायत समितियों के सदस्य पदों की मतगणना 22 कक्षों में 145 टेबलों पर होगी। इस प्रकार कुल 243 टेबलों पर मतगणना करवाई जाएगी। पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना के लिए 2,098 मतदान केंद्रों की ईवीएम निर्धारित की गई हैं। प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक और एक मतगणना सहायक नियुक्त रहेंगे। मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण भी पूरा कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि मतगणना कार्य में नियुक्त कार्मिकों को सुबह 6 बजे तक मतगणना स्थल पर पहुंचना होगा। उम्मीदवारों, उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं और मतगणना अभिकर्ताओं को अधिकृत पहचान पत्र के आधार पर ही प्रवेश दिया जाएगा। प्रत्येक मतगणना कक्ष में एक समय में एक वार्ड की मतगणना होगी। संबंधित वार्ड की ईवीएम की गणना शुरू करने से पहले उसी वार्ड के डाक मतपत्रों की गिनती की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना परिसर में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों और अधिकृत कर्मचारियों के अलावा अन्य व्यक्तियों को मोबाइल फोन, पेजर आदि ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मतगणना कार्मिकों और अभिकर्ताओं के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल की व्यवस्था की गई है। उन्हें अपने वाहन निर्धारित स्थल पर पार्क करने और मोबाइल फोन वहीं सुरक्षित रखने के बाद मतगणना स्थल में प्रवेश करना होगा। मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति केवल इवेंट मैनेजमेंट से जुड़े अधिकृत व्यक्तियों को होगी।
उन्होंने बताया कि मतगणना के परिणाम राज्य निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुंचाए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश