419 पंचायत समितियों में आज तय होंगे प्रधान, कांग्रेस-भाजपा के बीच जोड़तोड़ की सियासत तेज

 


जयपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के बाद अब पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव की बारी है। प्रदेश के 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों में शुक्रवार को प्रधान पद के लिए मतदान होगा। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही शाम तक सभी 419 पंचायत समितियों को नए प्रधान मिल जाएंगे। इसके अगले दिन 28 नवंबर को उप-प्रधानों के चुनाव कराए जाएंगे।

जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख चुनाव की तर्ज पर पंचायत समिति प्रधान के चुनाव के लिए शुक्रवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद दोपहर 3 से 5 बजे के बीच मतदान कराया जाएगा और इसी अवधि में परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपने-अपने समर्थक पंचायत समिति सदस्यों को एकजुट रखने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।

पंचायतीराज चुनाव के परिणामों के अनुसार पंचायत समिति सदस्यों में कांग्रेस का प्रदर्शन भाजपा से बेहतर रहा है।

275 पंचायत समितियों में कांग्रेस समर्थित सदस्य बहुमत में बताए जा रहे हैं, जबकि 63 पंचायत समितियों में भाजपा को बहुमत मिला है। ऐसे में अब कांग्रेस के सामने अपने बहुमत को प्रधान पद में बदलने की चुनौती है।

वहीं भाजपा ने भी कई पंचायत समितियों में सेंध लगाने की रणनीति तैयार की है। पार्टी रणनीतिकारों की नजर 100 से अधिक पंचायत समितियों में प्रधान बनाने पर है। ऐसे में जहां स्पष्ट बहुमत नहीं है, वहां निर्दलीय और अन्य दलों के सदस्यों की भूमिका निर्णायक हो सकती है।

पंचायत समिति प्रधान के चुनाव में दलबदल विरोधी कानून लागू नहीं होने के कारण राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलने की संभावना है। यही वजह है कि कई स्थानों पर पंचायत समिति सदस्यों की बाड़ेबंदी की गई है। माना जा रहा है कि मतदान के दिन सदस्यों को सीधे बाड़ेबंदी वाले स्थानों से मतदान केंद्रों तक लाया जाएगा।

प्रधान चुनाव में एक-एक सदस्य का समर्थन निर्णायक साबित हो सकता है। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपने-अपने समर्थक सदस्यों को एकजुट रखने के साथ-साथ बहुमत से दूर खड़े सदस्यों पर भी नजर बनाए हुए हैं।

पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव को केवल स्थानीय निकाय का चुनाव नहीं, बल्कि प्रदेश की सियासत में नेताओं के प्रभाव की परीक्षा के तौर पर भी देखा जा रहा है। मंत्रियों, विधायकों और प्रमुख नेताओं के क्षेत्रों में उनकी पार्टी कितनी पंचायत समितियों में प्रधान बनाने में सफल रहती है, इसका सीधा असर उनकी राजनीतिक पकड़ और संगठनात्मक क्षमता के आकलन पर पड़ सकता है।

जयपुर, सीकर, उदयपुर, अलवर, जोधपुर, टोंक, झुंझुनूं, सवाई माधोपुर, बाड़मेर, नागौर, भरतपुर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, सलूंबर, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, बालोतरा, जैसलमेर, बीकानेर, राजसमंद, भीलवाड़ा, बांसवाड़ा, पाली, जालोर, दौसा, अजमेर और फलोदी सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में आज सियासी समीकरणों का इम्तिहान होगा।

शुक्रवार शाम तक यह साफ हो जाएगा कि 419 पंचायत समितियों में किस दल का दबदबा रहा और कहां आखिरी समय में बदले समीकरणों ने बाजी पलट दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित