पंचायत चुनाव: राज्य निर्वाचन आयुक्त ने ब्यावर में मतदान केंद्रों का लिया जायजा

 


जयपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। पंचायत आम चुनाव के तीसरे चरण के मतदान की तैयारियों के संबंध में शनिवार को राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने ब्यावर जिले के निमाज ओर विराटिया खुर्द के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद जिला कलेक्ट्रेट में मीडिया से रूबरू होकर उन्होंने चुनाव तैयारियों की जानकारी साझा की।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी पूरी गंभीरता एवं निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। चुनाव शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए मतदान की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।

आयुक्त ने मतगणना केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने ईवीएम की सुरक्षा के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल की पालना सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा एवं सुरक्षित रखरखाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि मतदान केंद्रों पर दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं के लिए सुगम आवागमन, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि उन्हें मतदान करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मतदाताओं की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

जिला कलेक्ट्रेट में मीडिया से बातचीत के दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त ने पंचायत आम चुनाव के तीसरे चरण के मतदान को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए की गई व्यवस्थाओं तथा अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के संबंध में भी अवगत कराया।

आयुक्त ने मतदाता जागरूकता के लिए संचालित स्वीप गतिविधियों एवं नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

निरीक्षण के दौरान चुनाव पर्यवेक्षक भगीरथ विश्नोई, जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना, जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, उपखंड अधिकारी मनोज मीना, उपखंड अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश