निकाय चुनाव की तरह पंचायत चुनाव में भी भाजपा भारी बहुमत से दर्ज करेगी जीत: मदन राठौड़

 


जयपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने टोंक प्रवास के दौरान पंचायत चुनाव, प्रदेश के विकास कार्यों और विपक्षी दलों की बयानबाजी को लेकर प्रतिक्रिया व्यक्त की। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के बयानों में विरोधाभास साफ दिखाई देता है। एक ओर कांग्रेस नेता यह कहते हैं कि वे भाजपा से केवल कुछ वोटों से पीछे रहे, वहीं दूसरी ओर चुनाव प्रक्रिया और सत्ता के दुरुपयोग के आरोप लगाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि सत्ता का दुरुपयोग हुआ होता तो कांग्रेस को इतने वोट नहीं मिलते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जहां चुनाव जीतती है, वहां अपनी पीठ थपथपाती है और जहां हारती है, वहां कभी ईवीएम, कभी चुनाव आयोग और कभी सरकारी तंत्र पर आरोप लगाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के संगठन में आपसी खींचतान है और नेता एक-दूसरे को नीचा दिखाने में लगे हुए हैं। कांग्रेस के पास मजबूत संगठनात्मक कैडर का अभाव है और उम्मीदवारों के चयन को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता एकजुट होकर टीम भावना के साथ पंचायत चुनाव के मैदान में उतरेंगे और जनता के आशीर्वाद से पार्टी पंचायत चुनाव में भी भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी। चुनाव टीम लड़ती है और भाजपा एकजुट टीम के रूप में चुनाव मैदान में उतरेगी। निकाय चुनाव की तरह पंचायत चुनाव में भी भाजपा को जनता का आशीर्वाद मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास, बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता सहित अनेक विकास कार्य हुए हैं। जनता यह समझ रही है कि कौन सेवा कर रहा है और कौन केवल झांसा दे रहा है। जनता सेवा और विकास करने वालों को अपना आशीर्वाद देगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। रेलवे के सुदृढ़ीकरण, सड़कों के निर्माण, कृषि क्षेत्र में किसान सम्मान निधि में वृद्धि, एमएसपी में बढ़ोतरी तथा युवाओं को सरकारी रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम हुआ है। राजस्थान सरकार ने भी पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने सहित विकास के अनेक कार्य किए हैं। राठौड़ ने कहा कि भाजपा में किसी प्रकार की फूट नहीं है। पार्टी के सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकजुट होकर काम कर रहे हैं। भाजपा में बैठकर चर्चा की जाती है और एक नीति, एक सोच तथा एक संकल्प के साथ टीम भावना से काम किया जाता है। उन्होंने कहा कि जनता विकास चाहती है और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार को ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने की दिशा में जनता भाजपा पर विश्वास कर रही है। पंचायत चुनाव में भी भाजपा कार्यकर्ता इसी टीम भावना के साथ जनता के बीच जाएंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था के माध्यम से गांवों में वे सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा, जो आज शहरों में उपलब्ध हैं। गांव के युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार, सुविधाएं और अवसर गांव में ही उपलब्ध करवाने से ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन रुकेगा और गांव विकसित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट संदेश है कि गांवों को मजबूत करना है। जब गांव का प्रत्येक व्यक्ति मजबूत होगा, तभी विकसित भारत का संकल्प साकार होगा। भाजपा इसी सोच के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश