पंचायत चुनाव: भाजपा 11 अक्टूबर को जारी करेगी पहले चरण के प्रत्याशियों की सूची

 


जयपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में पंचायती राज चुनावों को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी और पंचायत समिति प्रभारियों को संभावित प्रत्याशियों का पैनल तैयार कर जयपुर प्रदेश मुख्यालय पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। 10 से 12 अक्टूबर तक इन पैनलों पर चर्चा और समीक्षा की जाएगी। पार्टी की योजना के अनुसार, प्रथम चरण के प्रत्याशियों की पहली सूची 11 अक्टूबर को जारी की जाएगी।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि प्रत्याशियों के चयन के लिए संगठन ने समन्वय समिति, केंद्रीय समन्वय प्रभारी, जिला चुनाव प्रभारी और पंचायत समिति स्तर पर प्रभारियों की नियुक्ति की है। ये पदाधिकारी स्थानीय कार्यकर्ताओं और दावेदारों से चर्चा कर संभावित नामों का पैनल तैयार कर रहे हैं। जिलों में कोर कमेटियां भी आपसी सहमति से नाम तय करने की प्रक्रिया में जुटी हैं।

11 और 12 अक्टूबर को जिला और पंचायत स्तर के प्रभारी संभावित प्रत्याशियों के पैनल लेकर प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामों पर चर्चा और समीक्षा की जाएगी।

प्रत्याशी चयन में संगठन के प्रति कार्यकर्ता का समर्पण, सक्रियता और स्थानीय स्तर पर स्वीकार्यता जैसे पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा। पार्टी के अनुसार, चयन प्रक्रिया में कार्यकर्ताओं की भावनाओं और संगठनात्मक राय को भी महत्व दिया जाएगा।

श्रवण सिंह बगड़ी ने स्पष्ट किया कि प्रत्याशियों के पैनल में नामों की संख्या सभी क्षेत्रों के लिए समान निर्धारित नहीं है। किसी पैनल में तीन तो किसी में चार नाम भी हो सकते हैं। कोर कमेटियां एक नाम के बजाय विकल्पों के साथ पैनल भेजेंगी, ताकि प्रदेश स्तर पर चर्चा के बाद उपयुक्त प्रत्याशी का चयन किया जा सके।

जिला स्तर की कोर कमेटियों में जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, संगठन के पदाधिकारी और संबंधित क्षेत्र के विधायक या विधायक प्रत्याशी शामिल हैं। ये सभी चर्चा के बाद सामूहिक निर्णय के आधार पर पैनल तैयार करेंगे।

पिछले चुनावों में अधिकृत प्रत्याशी के चुनाव चिह्न को लेकर सामने आई गड़बड़ियों के संबंध में बगड़ी ने कहा कि इस बार पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी। प्रदेश स्तर पर जिस प्रत्याशी का चयन होगा, उसी के पार्टी सिंबल के साथ नामांकन सुनिश्चित करने की व्यवस्था की जाएगी। चुनाव प्रभारियों और संगठन के पदाधिकारियों को नामांकन प्रक्रिया पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई है।

पंचायती राज चुनावों के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए भाजपा फिलहाल पहले चरण के प्रत्याशियों के चयन को प्राथमिकता दे रही है। इसके बाद अगले चरणों के लिए प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश