पूर्णिमा पर गोविंद देवजी मंदिर में पंचामृत अभिषेक: जलयात्रा झांकी और छप्पन भोग के दर्शन
जयपुर, 31 मई (हि.स.)। ज्येष्ठ शुक्ल (अधिक) पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंदिर श्री गोविन्द देव जी महाराज में रविवार को श्रीमन्माध्व गौडेश्वराचार्य महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सानिध्य में विविध धार्मिक आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ संपन्न हुए। मंगला झांकी के पश्चात ठाकुर श्रीजी का पंचामृत अभिषेक वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य कराया गया। अभिषेक के बाद ठाकुर श्रीजी को सफेद रंग की धोती-दुपट्टा पोशाक धारण कराई गई तथा पुष्पों से निर्मित अलंकारों एवं आकर्षक मुकुट से विशेष श्रृंगार किया गया।
राजभोग झांकी में प्रातः 11:15 बजे से 11:45 बजे तक जल यात्रा उत्सव की विशेष झांकी के दर्शन हुए। इस अवसर पर ठाकुर श्रीजी एवं श्री राधारानी जी के करकमलों में स्वर्ण निर्मित पिचकारी धराई गई। ग्रीष्म ऋतु में शीतलता प्रदान करने के लिए खरबूजा, तरबूजा सहित विभिन्न ऋतु फलों तथा सिकरान-पूड़ी का विशेष भोग अर्पित किया गया। सत्य पूर्णिमा के शुभ अवसर पर श्रद्धालुओं के मनोरथानुसार ठाकुर श्रीजी को छप्पन भोग भी समर्पित किए गए, जिनके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्तजन मंदिर पहुंचे।
मंदिर प्रशासन के अनुसार जल यात्रा उत्सव श्रृंखला के अंतर्गत ठिकाना मंदिर श्री गोविन्द देवजी में अगले जलयात्रा दर्शन 6 जून को प्रातः 11:15 बजे से 11:45 बजे तक होंगे, जबकि मातेहत मंदिर श्री कुंजबिहारी जी में जल यात्रा झांकी के दर्शन 7 जून को सायं 6 बजे से 6:30 बजे तक कराए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश