बेकाबू कार ने बाइक को मारी टक्कर: पति-पत्नी और बेटे की मौत

 


जयपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। भीलवाड़ा जिले के बीगोद क्षेत्र से गुजरने वाले मांडलगढ़-भीलवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग-758 पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और उनके बेटे की मौत हो गई। यश पावन धाम के पास तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रूपाहेली गांव निवासी भगवान बागरिया (63), उनकी पत्नी देऊ (56) और पुत्र रतन बागरिया (24) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

बीगोद थाना प्रभारी जय सुल्तान कविया ने बताया कि शुक्रवार को बीगोद कस्बे के पास एनएच-758 पर यश पावन धाम के नजदीक हादसा हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को बीगोद अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। वहीं, पुलिस ने मौके पर छोड़ी गई कार को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश