सक्षम संस्था जयपुर द्वारा जयपुर शहर में एक दिवसीय नेत्र जांच महा शिविर का आयोजन
जयपुर, 29 मार्च (हि.स.)। सक्षम संस्था जयपुर तथा महेश भगवती बलदवा फाउंडेशन, हैदराबाद द्वारा रविवार को प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक एस.एस.जी. पारीक पी.जी. महाविद्यालय, बनीपार्क जयपुर में निःशुल्क एक दिवसीय नेत्र जांच महा शिविर का आयोजन किया गया। एक दिवसीय नेत्र जाँच महाशिविर के उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता भगवती - चेयरपर्सन महेश भगवती फाउंडेशन हैदराबाद ने की। समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, विशेष उपस्थिति सक्षम संस्था के राष्ट्रीय सह-सचिव अभय परगाल तथा मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांत प्रचारक बाबूलाल रहे।
भगवती ने दान, सेवा और समर्पण की महिमा बताई तथा अपने लिए कुछ समाज के लिए सब कुछ के अपने संकल्प को गणमान्य अतिथियों के सामने पुनः दोहरान किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जयपुर प्रांत प्रचारक बाबूलाल ने धन के दान के साथ साथ समय और समर्पण के दान का भी महत्व बताया। इस शिविर में वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञों की सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध रही। शिविर में कुल पंजाीयन - 3618 रहा।
नेत्र जांच के पश्चात 3265 आगंतुकों को निःशुल्क दवाई तथा 1682 को निःशुल्क चश्मा उपलब्ध करवाया गया। नेत्र जांच पश्चात 360 लोगों को ऑपरेशन के लिए रेफर किया गया ।जिनका शहर के राजकीय और निजी अस्पतालों में निःशुल्क ऑपरेशन करवाया जाएगा। नेत्र जांच शिविर में 25 नेत्र रोग विशेषज्ञ, 50 ऑप्टोमैट्रिस्ट और लगभग 250 कार्यकर्ता अपनी सेवाएँ निशुल्क प्रदान की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश