ईंधन-गैस को लेकर विपक्ष फैला रहा भ्रम: राठौड़
जयपुर, 25 मार्च (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने ईंधन और गैस की उपलब्धता को लेकर विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने कहीं भी ईंधन और गैस की कमी की बात नहीं कही है और वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुचारू रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
राठौड़ ने कहा कि विपक्ष अनावश्यक भय और अफरा-तफरी फैलाकर जनता को गुमराह कर रहा है, जबकि सभी दलों को सहयोग की भावना से काम करना चाहिए। उन्होंने संसद में विपक्ष की भूमिका को अलोकतांत्रिक बताते हुए कहा कि बहस के लिए निर्धारित संसदीय प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए, केवल हंगामा करना उचित नहीं है।
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर उन्होंने कहा कि यह देशहित और सामाजिक समानता से जुड़ा विषय है, जिससे सभी नागरिकों को समान अधिकार मिलेंगे और विशेष रूप से महिलाओं को न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि कुछ राज्यों में यूजीसी लागू करने की पहल सराहनीय है और भविष्य में पूरे देश में इसके लागू होने से “एक देश, एक कानून” की भावना मजबूत होगी तथा भेदभाव समाप्त होगा।
राठौड़ ने केंद्र सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीन तलाक समाप्त करने, अनुच्छेद 370 हटाने और महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि महिला आरक्षण भी लागू होगा और भाजपा आगे भी विकास व जनहित के मुद्दों पर कार्य करती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश