सिंगोली चारभुजा में अफीम खरीद शुरू, पहले दिन 192 किसानों से उपज खरीदी
भीलवाड़ा, 02 अप्रैल (हि.स.)। मेवाड़ के प्रमुख धार्मिक स्थल सिंगोली चारभुजा में गुरुवार से केन्द्रीय नारकोटिक्स विभाग द्वारा अफीम खरीद का कार्य विधिवत शुरू किया गया। माहेश्वरी समाज की धर्मशाला में अस्थायी तोल केंद्र स्थापित किया गया है, जहां पहले ही दिन बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर पहुंचे।
जिला अफीम अधिकारी एवं तोल केंद्र प्रभारी सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि पहले दिन निंबोदा, हमेरगंज, बड़ोदिया, गुर्जरों का मोरवन, केवड़ों का लुहारिया, दौलतपुर निमड़ी, हाड़ों का मोरवन और बाघपुरा सहित आठ गांवों के 192 किसानों से अफीम की खरीद की गई।
उन्होंने बताया कि इस केंद्र पर भीलवाड़ा डिवीजन के अंतर्गत भीलवाड़ा जिले की मांडलगढ़, कोटड़ी, बिजौलियां, जहाजपुर तथा चित्तौड़गढ़ जिले की बेगूं और रावतभाटा तहसीलों के किसानों से अफीम खरीदी जाएगी। कुल मिलाकर करीब 300 गांवों के लगभग 6 हजार किसानों की उपज यहां खरीदी जानी है। यह खरीद अभियान 22 अप्रैल तक चलेगा।
किसानों की सुविधा के लिए तोल केंद्र पर छाया, पेयजल और बैठने सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। इस वर्ष भुगतान प्रणाली में बदलाव करते हुए अब किसानों को पूरी राशि एक सप्ताह के भीतर एकमुश्त उनके बैंक खातों में जमा कराई जाएगी, जबकि पहले 90 प्रतिशत राशि तुरंत और शेष गुणवत्ता जांच के बाद दी जाती थी।
अफीम की खरीद गुणवत्ता के आधार पर की जा रही है, जिसके लिए 850 रुपये से 3500 रुपये प्रति किलो तक की दर निर्धारित की गई है। तोल केंद्र पर ही अस्थायी प्रयोगशाला स्थापित कर 25 ग्राम सैंपल के आधार पर गुणवत्ता जांच की जा रही है।
सुरक्षा के मद्देनजर केंद्र पर राजस्थान पुलिस के सशस्त्र जवान तैनात हैं तथा परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। खरीदी गई अफीम को विशेष कैन में सुरक्षित रखा जा रहा है।
जिला अफीम अधिकारी रजत ने बताया कि इस बार अफीम की जांच के लिए नीमच भेजा जाएगा, जबकि पूर्व में इसे उत्तर प्रदेश के गाजीपुर भेजा जाता था। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को रावतभाटा तहसील के 13 गांवों के 281 किसानों से खरीद की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद