ऑपरेशन रडार: बरामद किए 45 लाख रुपये के 140 मोबाइल
जयपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। जयपुर ग्रामीण पुलिस ने मोबाइल चोरी और गुमशुदगी के मामलों में कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन रडार के तहत करीब 45 लाख रुपए कीमत के 140 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने सोमवार को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए। लंबे समय बाद अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर पीड़ितों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।
जयपुर ग्रामीण जिला पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद के अनुसार जिले में चोरी और गुमशुदा मोबाइल फोन की तलाश कर बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। जिसके चलते अधिकारियों को सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर मोबाइल फोन ट्रेस करने के निर्देश दिए गए थे।
इस अभियान के तहत सभी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों, वृत्ताधिकारियों और थानाधिकारियों ने थाना स्तर पर पुलिस टीमें गठित की गई। इन टीमों ने तकनीकी संसाधनों और सीईआईआर पोर्टल की सहायता से विभिन्न थाना क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सैमसंग, एप्पल (आईफोन), शाओमी (रेडमी और पोको), वीवो, ओप्पो, रियलमी, वनप्लस, मोटोरोला और गूगल पिक्सल सहित विभिन्न कंपनियों के कुल 140 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपए बताई गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश