दीपोत्सव से पहले परकोटे में रातभर चला सफाई अभियान, 2 हजार कर्मचारी जुटे
जयपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। दीपोत्सव से पहले राजधानी जयपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने शनिवार रात परकोटे में विशेष सफाई अभियान चलाया। 'ऑपरेशन क्लीन स्वीप 2.0' के तहत रात 12 बजे से सुबह तक शहर के प्रमुख बाजारों और अंदरूनी गलियों में सफाई की गई। अभियान में महापौर सुनील कोठारी और नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने भी अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों के साथ मोर्चा संभाला। करीब 2 हजार अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों और 1 हजार संसाधनों की मदद से बाजारों, सड़कों और गलियों से कचरा हटाया गया।
दीपावली के दौरान बाजारों और घरों में साफ-सफाई के कारण कचरे की मात्रा बढ़ जाती है। इसे देखते हुए नगर निगम ने त्योहार से पहले विशेष अभियान चलाने का निर्णय किया। रात में सफाई अभियान चलाने की वजह दिन के समय बाजारों में यातायात और लोगों की अधिक आवाजाही होना है। निगम का प्रयास है कि बड़े स्तर पर सफाई के दौरान व्यापारियों और आमजन को परेशानी न हो।
महापौर सुनील कोठारी ने कहा कि दीपोत्सव पर जिस तरह लोग अपने घरों की विशेष सफाई करते हैं, उसी तरह नगर निगम शहर के प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाने में जुटा है। इसके लिए अतिरिक्त कर्मचारी और संसाधन लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि परकोटा क्षेत्र को साफ और सुंदर बनाने के लिए करीब 2 हजार कर्मचारी काम कर रहे हैं।
शहर की सफाई व्यवस्था और आवारा पशुओं की समस्या पर महापौर ने कहा कि ये दोनों गंभीर मुद्दे हैं। इनके समाधान के लिए नगर निगम को अपनी कमियों को दूर करने के साथ आमजन का सहयोग भी बढ़ाना होगा। उन्होंने बताया कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए वार्ड स्तर पर युवाओं को जोड़कर जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इंदौर की तरह जयपुर के नागरिकों में भी अपने शहर के प्रति जिम्मेदारी और स्वच्छता का भाव विकसित करने की जरूरत है।
नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि कुछ महीने पहले 'ऑपरेशन क्लीन स्वीप' अभियान शुरू किया गया था। इसके तहत रात के समय शहर के प्रमुख हिस्सों में विशेष सफाई कराई गई थी। इसी कड़ी में अब इसका दूसरा चरण 'ऑपरेशन क्लीन स्वीप 2.0' आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बार अतिरिक्त कर्मचारियों और संसाधनों के साथ परकोटे में रातभर सफाई कराई गई। दिन में बाजारों में यातायात और लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाने से आमजन और व्यापारियों को परेशानी हो सकती है। रात में अभियान चलाने से लोगों की आवाजाही प्रभावित किए बिना सफाई करना संभव हुआ।
आयुक्त ने आमजन से सड़कों पर कचरा नहीं फेंकने और घरों का कचरा नगर निगम की संग्रहण गाड़ी में ही डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को लंबे समय तक स्वच्छ बनाए रखने के लिए नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। केवल नगर निगम के प्रयासों से स्थायी सुधार संभव नहीं है। इसके लिए निगम और शहरवासियों को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी।
आयुक्त कसेरा ने बताया कि आमजन की भागीदारी और सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद नगर निगम ने 'रंग दे गुलाबी 2.0' अभियान आयोजित किया था। इसके बाद दीपोत्सव से पहले 'ऑपरेशन क्लीन स्वीप 2.0' चलाया गया। अब जल्द ही स्वच्छता मैराथन आयोजित करने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि इन अभियानों का उद्देश्य केवल कुछ दिनों तक सफाई करना नहीं, बल्कि शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाना है। नगर निगम दीपावली को भी विशेष रूप से मनाने की तैयारी कर रहा है। इसकी विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश