खेल ज्ञान की ऑनलाइन परीक्षा 6 सितंबर को, 20 मिनट में परखेंगे खेलों से जुड़ा ज्ञान

 


जयपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। खेलों के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से क्रीड़ा भारती की ओर से छठी ऑनलाइन क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 का आयोजन रविवार, 6 सितंबर को किया जाएगा। देशभर के खिलाड़ी, विद्यार्थी, अभिभावक और खेलप्रेमी इस परीक्षा में घर बैठे मोबाइल, कंप्यूटर या टैबलेट के माध्यम से भाग ले सकेंगे।

परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रतिभागी की न्यूनतम आयु 12 वर्ष निर्धारित की गई है। परीक्षा की अवधि 20 मिनट रहेगी और इस दौरान कुल 50 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रतिभागियों को अपनी सुविधा के अनुसार सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे के बीच परीक्षा में प्रवेश कर उसे पूरा करने का अवसर मिलेगा। खेल जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से परीक्षा के लिए केवल 20 रुपए का योगदान निर्धारित किया गया है।

परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागी 4 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे। इसके लिए क्रीड़ा भारती की आधिकारिक परीक्षा वेबसाइट www.kreedabharatikgp.org पर आवेदन किया जा सकता है। व्यक्तिगत पंजीकरण के साथ परिवार, मित्रों अथवा विद्यार्थियों के समूह के लिए सामूहिक पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध है।

इसके अलावा क्रीड़ा भारती के प्रतिनिधि के माध्यम से बड़े समूह के लिए भी पंजीकरण कराया जा सकता है।

पंजीकरण के दौरान प्रतिभागी का नाम आधार कार्ड में दर्ज नाम के अनुसार होना आवश्यक है। क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को एक लाख रुपए, द्वितीय स्थान के दो विजेताओं को 50-50 हजार रुपए, तृतीय स्थान के छह विजेताओं को 25-25 हजार रुपए तथा चतुर्थ स्थान के 11 विजेताओं को 11-11 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।

चतुर्थ पुरस्कार क्रीड़ा भारती के 11 क्षेत्रों में एक-एक प्रदान किया जाएगा।

इन पुरस्कारों का प्रायोजन चैतन्य कुमार कश्यप फाउंडेशन की ओर से किया गया है। पुरस्कारों के लिए 12 से 25 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागी पात्र होंगे। परीक्षा में शामिल होने वाले प्रतिभागी अपनी अंकतालिका और प्रमाण-पत्र अगले दिन शाम 4 बजे के बाद ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे। आयोजकों ने खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में परीक्षा में भाग लेने की अपील की है।

क्रीड़ा भारती का उद्देश्य इस परीक्षा के माध्यम से खेलों से जुड़ी जानकारी को रोचक तरीके से लोगों तक पहुंचाने के साथ खेल संस्कृति, जागरूकता और खेल ज्ञान को बढ़ावा देना है। यानी रविवार को केवल खेल मैदान में ही नहीं, बल्कि मोबाइल और कंप्यूटर की स्क्रीन पर भी खेल ज्ञान की परीक्षा होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित