अब क्यूआर कोड से होगा अस्पतालों में ऑनलाइन पंजीयन
जयपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। जिले के सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुविधा के लिए आभा आधारित ऑनलाइन ओपीडी पंजीयन व्यवस्था शुरू कर दी गई है। अस्पतालों के ओपीडी पर्ची काउंटरों सहित प्रमुख स्थानों पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं, जिन्हें स्कैन कर मरीज ऑनलाइन पंजीयन करा सकेंगे और टोकन नंबर के आधार पर चिकित्सक से परामर्श ले सकेंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (जयपुर द्वितीय) डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत आभा कार्ड बनाए जा रहे हैं, जिससे प्रत्येक व्यक्ति का डिजिटल हेल्थ अकाउंट तैयार होगा। नई व्यवस्था से पर्ची काउंटरों पर लगने वाली कतारों से राहत मिलेगी और समय की बचत होगी।
उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार गोयल ने बताया कि क्यूआर कोड से पंजीयन होने पर अस्पताल को प्रति मरीज 20 रुपये और आभा एप के माध्यम से परामर्श देने पर चिकित्सक को 5 रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी। साथ ही जांच रिपोर्ट भी ऑनलाइन उपलब्ध होगी, जिससे मरीज घर बैठे रिपोर्ट देख सकेंगे और आवश्यकता पड़ने पर अन्य अस्पतालों में भी अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड का उपयोग कर सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश