मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ के संकल्प पर जनादेश की मुहर

 




जयपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में शहरी क्षेत्र की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सुशासन पर मुहर लगाते हुए डबल इंजन में ट्रिपल इंजन भी जोड़ दिया है। ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ के तहत राजस्थान के सभी 309 निकायों में भाजपा को पिछली बार से दोगुने से अधिक निकायों में जनादेश मिला है। 2020 में जहां नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं में केवल 31 प्रतिशत निकायों मे ही भाजपा का बोर्ड था। वहीं, इस बार भाजपा 65 प्रतिशत निकायों में स्वयं या निर्दलीयों के समर्थन से बोर्ड बनाने की स्थिति में है, हालांकि ये आंकड़ा आगामी 21 सितम्बर को और बढ़ने की पूर्ण सम्भावना है।

मुख्यमंत्री के ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ के संकल्प को समर्थन देते हुए जनता ने भाजपा को प्रचंड जीत का तोहफा दिया है। पिछले निकाय चुनाव में जहां 50 प्रतिशत नगर निगमों में भाजपा का बोर्ड था, वहीं इस बार 60 प्रतिशत बोर्ड भाजपा अपने स्तर पर एवं 80 से 90 प्रतिशत निर्दलीयों के समर्थन के साथ बोर्ड बनाने की स्थिति में है। इसके अलावा 27 प्रतिशत नगर परिषदों से आगे बढ़ते हुए भाजपा इस बार 42 प्रतिशत बोर्ड अपने स्तर पर एवं 83 प्रतिशत निर्दलीयों के समर्थन के साथ बनाने की स्थिति में है। वहीं, 31 प्रतिशत नगर पालिकाओं में बढ़ोतरी करते हुए भाजपा इस बार 60 प्रतिशत से अधिक बोर्ड अपने स्तर पर बनाने जा रही है।

जनता ने कांग्रेस के तुष्टिकरण को नकारते हुए राज्य की राजधानी जयपुर में फिर से भाजपा का बोर्ड बनाया है। जयपुर नगर निगम की स्थापना से अब तक लगातार 7वीं बार भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। जो यह साबित करता है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा नगर निगमों के 2 टुकड़े करने के फैसले को जनता ने नकार दिया है। पिछली बार जहां जयपुर संभाग में 17 प्रतिशत तथा भरतपुर संभाग में केवल 6 प्रतिशत निकायों में भाजपा का बोर्ड था। वहीं, इस बार जयपुर एवं भरतपुर दोनों संभागों में 60 प्रतिशत से अधिक निकायों में भाजपा बोर्ड बनाने जा रही है।

इसी प्रकार 6 जिलों बूंदी, दौसा, हनुमानगढ़, करौली, धौलपुर और भरतपुर में किसी भी निकाय में पिछली बार भाजपा का कोई बोर्ड नहीं था। लेकिन इस बार दौसा में 7, भरतपुर में 6, बूंदी में 5, हनुमानगढ़ में 5, करौली में 4 और धौलपुर में 2 निकायों में भाजपा बोर्ड बनाने जा रही है।

ये परिणाम इस बात को भी दर्शाते हैं कि युवा, महिला, मजदूर सहित विभिन्न वर्ग के मतदाताओं ने भाजपा के पक्ष में बढ़-चढ़कर वोट किया है। जिस तरह भाजपा की डबल इंजन सरकार ने सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा सहित हर क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित करते हुए लोक कल्याण के कार्य किए हैं। उसी का परिणाम है कि जनता ने संसद से लेकर नगरीय निकाय तक सुशासन के लिए राजस्थान की जनता ने भाजपा पर भी भरोसा जताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर