‘वन नेशन,वन इलेक्शन’ की दिशा में आगे बढ़ चुका देश, राजस्थान में भी एक साथ चुनाव कराए जाना सकारात्मक शुरुआत : केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम
बीकानेर, 01 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने शनिवार को कहा कि देश ‘वन नेशन,वन इलेक्शन’ की दिशा में आगे बढ़ चुका है। इससे संबंधित विधेयक लोकसभा में पेश किया जा चुका है और फिलहाल संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) इसका अध्ययन कर रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भी एक साथ निकाय चुनाव कराए जाना इसी दिशा में एक सकारात्मक शुरुआत है
शनिवार काे बीकानेर प्रवास पर आए केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने यह बात मीडियाकर्मियाें से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि वन नेशन, वन इलेक्शन की दिशा में कदम बढ़ चुके हैं। राजस्थान में भी एक साथ निकाय पालिका चुनाव हो रहे है। पहले बीकानेर नगर निगम के चुनाव अलग होते थे, लेकिन अब बीकानेर नगर निगम, श्रीडूंगरगढ़ और देशनोक के निकाय चुनाव एक साथ हो रहे हैं। उन्होंने इसे चुनावी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
संसद में विपक्ष के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए मेघवाल ने कहा कि सदन की गरिमा और आसन की मर्यादा बनाए रखना सभी सांसदों की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अपने आरोपों के समर्थन में कोई ठोस प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पाया। नकल विरोधी कानून पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संसद में लंबी चर्चा के बाद यह कानून बनाया गया है। इसका उद्देश्य पेपर लीक और नकल माफियाओं पर सख्त कार्रवाई करना है। उन्होंने कहा कि नए कानून में दोषियों के खिलाफ कड़े दंड का प्रावधान किया गया है, जिससे परीक्षा प्रणाली अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और सुरक्षित बनेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव