चालक सम्मान दिवस पर 10 हजार चालकों से संवाद कर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

 




जयपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। चालक सम्मान दिवस के अवसर पर जयपुर यातायात पुलिस की ओर से ‘ड्राइवर डिग्निटी डे’ जागरूकता एवं सम्मान अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य वाहन चालकों की गरिमा, सम्मान और सुरक्षा के साथ जिम्मेदार यातायात व्यवहार को बढ़ावा देना है। इसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में यातायात पुलिस की टीमें चालकों से सीधा संवाद कर रही हैं। अभियान में करीब 10 हजार चालकों से संवाद का लक्ष्य रखा गया है।

पुलिस महानिदेशक यातायात राजस्थान मालिनी अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा पुलिस कमिश्नर जयपुर सचिन मित्तल, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर यातायात एवं प्रशासन प्रदीप मोहन शर्मा, पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुनीता मीणा के निर्देशन में अभियान संचालित हो रहा है। जयपुर यातायात पुलिस के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त और यातायात निरीक्षक इसमें सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुनीता मीणा ने बताया कि यातायात पुलिस की टीमें स्कूल-कॉलेज क्षेत्रों के अलावा सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र, टीपी नगर, अजमेर रोड, 200 फीट बाईपास, मानसरोवर, गोनेर रोड, सिंधी कैंप, बड़ी चौपड़ और राजमार्ग सहित प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दे रही हैं।

अभियान में ऑटो-रिक्शा, ई-रिक्शा, टैक्सी, कैब, ऐप आधारित कैब, सिटी बस, रोडवेज एवं निजी बस, ट्रक, कंटेनर, भारी मालवाहक वाहन, स्कूल बस-वैन, एम्बुलेंस और आवश्यक सेवा वाहनों के चालक शामिल हैं। इनके अलावा दोपहिया चालक, डिलीवरी राइडर, ई-कॉमर्स, खाद्य वितरण एवं कूरियर सेवाओं से जुड़े चालक, निजी कार और कार्यालयीन वाहन चालकों के साथ औद्योगिक एवं निर्माण क्षेत्र के वाहन चालकों तक भी संदेश पहुंचाया जा रहा है।

जल्दबाजी से बचने की समझाइश

पुलिस ने चालकों से वाहन चलाते समय धैर्य, संयम और शिष्ट व्यवहार रखने की अपील की है। तेज गति, गलत दिशा में वाहन चलाने, लाल बत्ती का उल्लंघन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग और खतरनाक ड्राइविंग से बचने के लिए समझाइश दी जा रही है। पैदल यात्रियों, दोपहिया चालकों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा साथी चालकों से अनावश्यक विवाद और अभद्र व्यवहार से बचने का संदेश दिया जा रहा है।

भारी वाहन चालकों को लेन, गति सीमा और विश्राम संबंधी नियमों का पालन करने, सार्वजनिक परिवहन चालकों को यात्रियों से सम्मानजनक व्यवहार और सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। स्कूल बस-वैन चालकों को बच्चों की सुरक्षा और एम्बुलेंस चालकों को मरीजों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।

चालकों ने ली ‘ड्राइवर डिग्निटी’ की शपथ

अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों, आपातकालीन परिस्थितियों में सही प्रतिक्रिया और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार को लेकर जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। चालकों को ‘ड्राइवर डिग्निटी’ शपथ दिलाई गई, जिसमें प्रत्येक सड़क उपयोगकर्ता का सम्मान करने, साथी चालकों की गरिमा और सुरक्षा बनाए रखने, दुर्व्यवहार व असुरक्षित ड्राइविंग से बचने तथा यातायात नियमों का जिम्मेदारी से पालन करने का संकल्प लिया गया।

यातायात पुलिस के अनुसार सुरक्षित सड़क व्यवस्था में चालक यातायात व्यवस्था के महत्वपूर्ण भागीदार हैं। पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से नियमों का पालन करने, एक-दूसरे का सम्मान करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश