यूजीसी—ईडब्ल्यूएस सहित सवर्ण मुद्दों पर 25 अक्टूबर को जयपुर में होगी आक्रोश सभा

 


जयपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। यूजीसी—ईडब्ल्यूएस आरक्षण के सरलीकरण, सवर्ण आयोग के गठन और आरक्षण व्यवस्था में सुधार सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर 25 अक्टूबर को जयपुर के विद्याधर नगर में राष्ट्रीय करणी सेना की ओर से सवर्ण आक्रोश सभा आयोजित की जाएगी। सभा में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने के लिए सवर्ण संगठनों ने समाज के लोगों से आह्वान किया है।

विप्र महासभा के संस्थापक एवं ईडब्ल्यूएस आरक्षण मंच के अध्यक्ष सुनील उदेईया ने बताया कि सभा की तैयारियों को लेकर होटल पार्क प्राइम में सवर्ण संगठनों की बैठक हुई। इसमें ब्राह्मण समाज के संरक्षक नटवर लाल शर्मा, विप्र महासभा अध्यक्ष योगेन्द्र भारद्वाज, श्री परशुराम सेना अध्यक्ष अनिल चतुर्वेदी, वैश्य सेना के राजेंद्र मित्तल, राष्ट्रीय सवर्ण दल अध्यक्ष मूलचंद अग्रवाल, सवर्ण एकता मंच के सुभाष माहेश्वरी, पुजारी संघ के कमलेश शर्मा, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष हर्षिता शर्मा और युवा प्रकोष्ठ के दीपेश मिश्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

राष्ट्रीय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सभा के आयोजक शिव सिंह शेखावत ने समाज के लोगों से सपरिवार सभा में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई बच्चों के भविष्य से जुड़ी है, इसलिए सभी को इसमें भागीदारी निभानी चाहिए।

अनिल चतुर्वेदी ने कहा कि सरकार सवर्ण समाज के धैर्य की परीक्षा न ले और संबंधित मुद्दों का समाधान करे। वहीं, नटवर लाल शर्मा ने सरकार से सवर्ण समाज से जुड़े विषयों को गंभीरता से लेने की मांग की।

आयोजकों के अनुसार सभा में यूजीसी से जुड़े प्रावधानों को वापस लेने, ईडब्ल्यूएस व्यवस्था का सरलीकरण करने, सवर्ण आयोग गठित करने और आरक्षण व्यवस्था में सुधार जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे। इसमें देशभर से सवर्ण समाज के नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश