ऑक्टेव-2026 में आठ राज्यों के 14 समूह दिखाएंगे 15 लोकनृत्य शैलियों का संगम
जयपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर भारत की संस्कृति, लोकनृत्य और पारंपरिक परिधानों से जयपुर का राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर गुरुवार शाम गुलजार होगा। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर की ओर से राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर के सहयोग से आयोजित ऑक्टेव-2026 का शुभारंभ शाम 7 बजे होगा। समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागडे होंगे, जबकि केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत अध्यक्षता करेंगे। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक डॉ. अश्विन महेश दलवी और आरआईसी निदेशक निहाल चंद गोयल भी मौजूद रहेंगे।
पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक डॉ दलवी ने बताया कि उद्घाटन समारोह के बाद एथनिक कॉस्ट्यूम शो में पूर्वोत्तर के आठों राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा मंच पर नजर आएगी। भानुश्री दास के निर्देशन में होने वाले इस शो में युवतियां अलग-अलग पारंपरिक परिधान पहनकर प्रस्तुति देंगी।
आयोजकों के अनुसार इन परिधानों की खासियत यह है कि इनमें हस्तनिर्मित वस्त्र और पारंपरिक शिल्प की झलक देखने को मिलेगी। शो के जरिए दर्शकों को पूर्वोत्तर की संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
समारोह की दूसरी प्रस्तुति में पूर्वोत्तर भारत के आठ राज्यों के 14 समूह 15 लोकनृत्य शैलियों की अलग-अलग और संयुक्त प्रस्तुति देंगे। नृत्य के जरिए अध्यात्म, रोमांच, रास और परंपराओं की विविधता को मंच पर साकार किया जाएगा। प्रस्तुति के दौरान कहीं भक्ति का भाव नजर आएगा तो कहीं लोक संस्कृति की जीवंतता और जोश दर्शकों को आकर्षित करेगा।
कार्यक्रम का समापन ग्रैंड फिनाले से होगा, जिसमें सभी समूह संयुक्त रूप से नृत्य प्रस्तुति देंगे। आयोजकों के अनुसार ऑक्टेव-2026 के माध्यम से जयपुरवासियों को पूर्वोत्तर भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश