ओबीसी समाज तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभाएगा मोर्चा: अमरपाल मौर्य
जयपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अमरपाल मौर्य ने कहा कि राजस्थान में ओबीसी मोर्चा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभाएगा। भाजपा ओबीसी मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में सरकारी योजनाओं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए किए गए कार्यों और वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
मौर्य ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों पर परिवारवाद की राजनीति को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि विरासत में मिली सत्ता व्यक्ति के व्यक्तित्व का निर्माण नहीं कर सकती। कांग्रेस देशहित के बजाय परिवार की चिंता में लगी है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में गरीब, वंचित, पिछड़े और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। गरीबों तक राशन पहुंचाने, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार तथा सड़क और आधारभूत ढांचे का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि ओबीसी मोर्चा को पार्टी के अग्रिम दस्ते के रूप में काम करना होगा। सरकार की योजनाओं और समाज के लिए किए गए कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाने के साथ पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाना मोर्चा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विपक्षी ताकतें समाज को बांटने का काम करती हैं, जबकि भाजपा समाज को सशक्त और समृद्ध बनाने के लिए कार्य कर रही है। वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बढ़ गई है कि वे लोगों को जागरूक करें, योजनाओं से जोड़ें और समाज के सभी वर्गों को पार्टी के साथ जोड़ने का प्रयास करें।
भाजपा के संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा कि पार्टी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय सिद्धांत पर चलते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए काम कर रही है। उन्होंने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने के कदम का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वंचित वर्गों के हितों को प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की भजनलाल सरकार बिना धर्म या पंथ के भेदभाव के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के अनुरूप समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया जा रहा है। मोर्चा कार्यकर्ता योजनाबद्ध तरीके से सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाएं और समाज तथा संगठन के बीच सेतु बनें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश