नवंबर के अंतिम सप्ताह तक यात्रियों को मिलेगी स्पेशल ट्रेनों की सुविधा
जोधपुर, 25 नवम्बर (हि.स.)। दीपावली और छठ पूजा के दौरान रेलवे की ओर से संचालित स्पेशल ट्रेनें नवंबर के अंतिम सप्ताह तक यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध कराती रहेंगी। इससे यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में सुविधा होगी।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार त्योहार पर स्पेशल ट्रेनों के संचालन व नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बों की अस्थाई व्यवस्था से यात्रियों की राह आसान हुई तथा उन्हें अपेक्षित सुविधा उपलब्ध हुई। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को जोधपुर-गोरखपुर स्पेशल (04829) का अंतिम फेरा शाम 4.15 बजे होगा।
इसी तरह 28 नवंबर को भगत की कोठी-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल (04827) सुबह 11.30 बजे, 28 नवंबर को जोधपुर-चेन्नई बीच स्पेशल (04815) रात 9.20 बजे, 29 नवंबर को जोधपुर-मऊ सुपरफास्ट स्पेशल (04823) शाम 5 बजे, 30 नवंबर को बाड़मेर-हरिद्वार स्पेशल (04811) सुबह 4.15 बजे और 30 नवंबर को सूबेदारगंज-भगत की कोठी स्पेशल (04193) का निर्धारित अंतिम फेरा होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश