उत्तर पश्चिम रेलवे: नाै लाख रुपये मूल्य के सामान यात्रियों को सुपुर्द किया
जयपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। त्याेहारों के समय ट्रेनों में अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल और टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा ट्रेनों और स्टेशनों की गहन जांच की जा रही है जिससे ट्रेनों और रेल परिसर में अपराधों की रोकथाम में अत्यधिक सफलता प्राप्त हुई है।
रेलवे सुरक्षा बल और टिकट चेकिंग स्टाफ ने संयुक्त अभियानों में रेल अधिनियम के विभिन्न धाराओं के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया है और रेल यात्रियों को भिन्न-भिन्न तरीकों से सेवा प्रदान की है।
उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित के अनुसार ऑपरेशन नार्कोस के अंतर्गत मादक पदार्थों की तस्करी के रोकथाम के मामले में रेलवे सुरक्षा बल ने गाड़ी संख्या 18573 विशाखापट्टनम- भगत की कोठी ट्रेन में लावारिस रूप से रखे हुए लगभग 14 किलोग्राम मादक पदार्थ जिसका मूल्य लगभग 7.17 लाख रुपए है को जप्त कर राजकीय रेलवे पुलिस को सुपुर्द किया। इसके साथ ही ट्रेन संख्या 20495 जोधपुर-हड़पसर एक्सप्रेस में लगभग एक लाख मूल्य की मादक पेय पदार्थ अवैध रूप से ट्रेन में ले जाते हुए पकड़ा और समान को अपराधी के साथ जीआरपी को सुपुर्द किया।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गत एक सप्ताह में ऑपरेशन अमानत के तहत उत्तर पश्चिम रेलवे क्षेत्राधिकार में विभिन्न रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रा करने वाले कुल 44 यात्रियों के लगभग 9 लाख रुपए कीमत के भूल वश छूटे सामानों को सही सलामत यात्रियों को सुपुर्द किया।
रेलवे, यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ समाज के प्रति अपने मानवीय कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव