रेल सुरक्षा के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों को किया पुरस्कृत

 


जयपुर, 25 मार्च (हि.स.)।

उत्तर पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक अमिताभ की अध्यक्षता में प्रधान कार्यालय में बुधवार को उत्तर पश्चिम रेलवे पर संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में सभी विभागाध्यक्ष, चारों मंडलो के मंडल रेल प्रबन्धक (वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से ) एवं अन्य अधिकारी सम्मलित हुए। बैठक में संरक्षा ,कार्य निष्पादन, निर्माण कार्य, पूंजीगत आय, रेलवे ट्रैक की फेसिंग, समपार फाटक को बंद करने, यात्री सुविधाएं तथा आय बढ़ाने इत्यादि विषयों पर चर्चा की गई।

महाप्रबंधक अमिताभ ने अपने सम्बोधन में कहा कि इस वित्त वर्ष में अब तक उत्तर पश्चिम रेलवे का कार्य निष्पादन उत्कृष्ट रहा है और सामंजस्य और समन्वय के साथ कार्य कर सभी कार्यों को लक्ष्यानुसार करने पर ध्यान देना है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि निर्माण परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करना है। अमिताभ ने संरक्षा को प्राथमिकता पर रखते हुए सतर्कता और सजगता से कार्य करने पर बल दिया एवं सुरक्षित रेल संचालन पर विशेष ध्यान केन्द्रित करने की बात कही। अमिताभ ने सभी विभागाध्यक्षों को नियमित निरीक्षण करने और संरक्षित रेल संचालन के लिए अधीनस्थ कर्मचारियों की समय समय पर काउंसलिंग कर संरक्षा अभियान चलाये जाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान महाप्रबंधक उत्तर पश्चिम रेलवे अमिताभ द्वारा रेल संरक्षा के लिए सजगतापूर्ण एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों को पुरस्कृत किया गया ।

रेल संरक्षा के लिए सजगतापूर्ण एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों में जोधपुर मंडल के लाला राम चोयल, लोको पायलट, मुख्यालय- जोधपुर द्वारा दिनांक 18.03.2026 को माल गाड़ी के संचालन के दौरान जोधपुर-मेडता रोड रेलखण्ड के राईका बाग-बनाड़ स्टेशनों के मध्य किमी सं.621/34-36 पर एक पेड़ को ट्रैक पर गिरा देखकर तुरन्त इमरजेंसी ब्रेक लगाकर गाड़ी को अवरोध से पहले ही रोक कर एक संभावित रेल दुर्घटना को बचाने के लिए पुरस्कृत किया गया ।

इसी प्रकार जयपुर मंडल के रामहरी मीना, तकनीशियनग्रेड-I (कैरेज एण्ड वैगन), मुख्यालय- बांदीकुई ,द्वारा 05.03.2026 को गाड़ी के आगमन पर परीक्षण के दौरान वैगन के गुजरते समय असामान्य आवाज सुनाई देने पर गाड़ी को रूकवा कर वैगन की सघन जांच के दौरान वैगन की बियरिंग मे खराबी पाई गई तथा खराब वैगन को गाड़ी से अलग कर एक संभावित रेल दुर्घटना को बचाने के लिए पुरस्कृत किया गया ।

बैठक में महाप्रबंधक महोदय अमिताभ ने सभी अधिकारियों को कार्य निष्पादन को निर्धारित लक्ष्यानुसार पूरा करने के लिए दिशा-निर्देश प्रदान किए ताकि समयानुसार रेल उपभोक्ताओं को सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सके तथा आश्वस्त किया कि मुख्यालय स्तर पर अनुमोदित होने वाले कार्यों के निष्पादन में पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश