दिवंगत निविदा कार्मिक के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग

 


जोधपुर, 16 जून (हि.स.)। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन जोधपुर शहर के अध्यक्ष जगदीश जाट के नेतृत्व में आज मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से एक ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन में जयपुर में कार्यरत निविदा कार्मिक नर्सिंग अधिकारी स्वर्गीय दीपक खारवाल की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों को न्याय दिलाने की मांग की गई।

संगठन ने मांग की है कि स्वर्गीय दीपक खारवाल के परिजनों द्वारा सरकार के समक्ष रखी गई समस्त मांगों, जिनमें उचित आर्थिक मुआवजा, परिवार के पात्र सदस्य को सरकारी नौकरी एवं अन्य सहायता शामिल हैं, को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। संगठन ने यह भी मांग रखी है कि प्रदेश में सेवा से पृथक किए गए अथवा रोजगार से वंचित हुए सभी निविदा एवं संविदा नर्सिंग कार्मिकों के लिए उचित समायोजन एवं पुनर्नियोजन की व्यवस्था की जाए, ताकि उनके रोजगार एवं आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इसके अतिरिक्त भविष्य में नर्सिंग सेवाओं में निविदा आधारित भर्तियों पर रोक लगाने तथा नर्सिंग अधिकारियों के लिए स्थायी एवं सुरक्षित रोजगार व्यवस्था विकसित करने की मांग भी उठाई गई।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि वर्तमान एवं पूर्व में कार्यरत समस्त संविदा यूटीबी एवं निविदा नर्सिंग अधिकारियों को उनके अनुभव के आधार पर आगामी भर्ती में पर्याप्त मेरिट बोनस अंक प्रदान करते हुए लगभग 12 हजार पदों पर स्थायीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए, जिससे वर्षों से सेवाएं दे रहे नर्सिंग कार्मिकों के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश