एनएसयूआई ने स्थापना दिवस पर निकाली रन फॉर रोजगार मैराथन

 


जोधपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार सुबह रन फॉर रोजगार मैराथन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जोधपुर सहित मारवाड़ के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर यह संदेश दिया कि अब युवा रोजगार के मुद्दे पर जागरूक हो चुका है और अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद कर रहा है।

एनएसयूआई के शहर जिलाध्यक्ष डॉ. बबलू सोलंकी ने बताया कि रन फॉर रोजगार थीम पर मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन की शुरुआत जेएनवीयू के छात्रसंघ कार्यालय से हुई।

यह मैराथन अरोड़ा सर्कल, वीर दुर्गादास ब्रिज, गांधी स्टैच्यू और शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए वापस छात्रसंघ कार्यालय पर पहुंचकर समाप्त हुई। डॉ. बबलू सोलंकी ने कहा कि एनएसयूआई युवाओं के मुद्दों को हमेशा आगे रखती है और रन फॉर रोजगार इसका प्रतीक है।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारें युवाओं को रोजगार देने के वादे तो करती हैं, लेकिन हकीकत में कुछ नहीं कर रही हैं। मैराथन में कई बड़े कांग्रेस नेता शामिल हुए। बाड़मेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, जोधपुर लोकसभा प्रत्याशी करण सिंह उचियारड़ा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा और पूर्व महापौर कुंती देवड़ा विशेष रूप से मौजूद रहे। इन नेताओं ने मैराथन को हरी झंडी दिखाई और युवाओं के साथ दौड़ में शामिल होकर संदेश दिया कि रोजगार हमारी प्राथमिकता है।

मैराथन में पुरुष और महिला वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेताओं को नकद पुरस्कार दिए गए। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और स्मृति टी-शर्ट भी प्रदान की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश