बीकानेर में पांच हजार से अधिक बकाया वाले उपभोक्ताओं को जारी होंगे नोटिस
बीकानेर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, नगर वृत्त के कार्यालय में अधीक्षण अभियंता जे.के. चारण की अध्यक्षता में विभागीय मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न पेयजल योजनाओं की प्रगति, राजस्व वसूली, जल संरक्षण, ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था तथा जन शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की गई। अधीक्षण अभियंता ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधीक्षण अभियंता जे.के. चारण ने बताया कि बीकानेर शहर में पेयजल सेवा स्तर में सुधार के लिए प्रस्तावित डीपीआर तैयार की जाएगी। इसके लिए अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे स्थानों को तत्काल चिह्नित करने के निर्देश दिए गए, जहां निर्धारित मानकों के अनुरूप पेयजल सेवा उपलब्ध नहीं है। इन क्षेत्रों में वर्तमान जलापूर्ति अवधि, जलापूर्ति की मात्रा, दबाव, कवरेज सहित अन्य आवश्यक तकनीकी विवरणों का डेटा तैयार कर कंसल्टेंट को उपलब्ध करवाया जाएगा, ताकि पेयजल सेवा स्तर में सुधार के लिए समुचित एवं प्रभावी डीपीआर तैयार की जा सके।
अधीक्षण अभियंता चारण ने बताया कि राज्य बजट घोषणा के तहत मुख्यमंत्री जल जीवन मिशन शहरी के अंतर्गत बीकानेर शहर की पेयजल व्यवस्था के लिए तैयार की जाने वाली डीपीआर में शहर की पेरी-अर्बन परिधि के क्षेत्रों को भी शामिल किया जाएगा।
बैठक में राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए अधीक्षण अभियंता ने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्र में सरकारी, घरेलू एवं औद्योगिक श्रेणी के जिन उपभोक्ताओं पर 5 हजार रूपये से अधिक की राशि बकाया है, उन्हें नियमानुसार नोटिस जारी किए जाएं।अधिक बकाया वाले क्षेत्रों में विशेष रेवेन्यू रिकवरी कैंप आयोजित कर प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी सहायक अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्र में निर्धारित राजस्व वसूली लक्ष्य का शत-प्रतिशत हासिल करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व वसूली में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में अधिशासी अभियंता बलबीर सिंह, रितु मिशन, जितेन्द्र सिंह बैंस, सहायक अभियंता बाबूलाल कुमावत, अमित खीचड़, ललित सोनी, कनिष्ठ अभियंता गौरव आचार्य, हंसराज, अरूण चौधरी सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव