नौ तपा का पहला दिन, दिन के साथ रात भी गर्म
जयपुर, 25 मई (हि.स.)। प्रदेश में दिन के साथ अब रात का पारा भी उफान मारने लगा है। नौतपा के पहले दिन 8 शहरों का अधिकतम तापमान 44 और 13 शहरों का रात का पारा 30 डिग्री के पार दर्ज किया गया। दिन ही नहीं रात में भी प्रदेश में गर्म हवाओं ने आमजन को सताया। 45.6 डिग्री के साथ सीकर का दिन और 33.3 डिग्री के साथ संगरिया की रात सबसे गर्म रही। आगामी समय में प्रदेश का मौसम शुष्क रहने से पारे में और उछाल दर्ज किया जाएगा। आमजन को तेज गर्मी से बचाने के लिए निगम सहित अन्य संस्थाओं द्वारा पानी का छिड़काव सहित अन्य काम किए गए। पशु-पक्षियों के लिए जल और भोजन की व्यवस्था की गई।
मौसम विभाग के अनुसार सीकर, चित्तौडग़ढ़ और श्रीगंगानगर का पारा 45 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया। संगरिया के अलावा करौली, दौसा, लूणकरणसर, झुंझुनूं, चूरू, बीकानेर, फलौदी, चित्तौडग़ढ़, कोटा, पिलानी, जयपुर और अलवर का रात का पारा 30 डिग्री के पार दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के पश्चिमी भागों में वर्तमान में अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री दर्ज किया जा रहा है। आगामी 3 दिन राज्य के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क व तेज धूलभरी हवाएं 20-30 किमी प्रतिघंटा चलने तथा तापमान में और 2-3 डिग्री से. बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। 26-27 मई को पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में अधिकतम तापमान 46-47 डिग्री दर्ज होने व कहीं-कहीं तीव्रहीट वेव दर्ज होने की प्रबल संभावना है।
नौतपा के पहले दिन जयपुर में तेज गर्मी देखने को मिली। तेज गर्मी से आमजन के साथ पशु-पक्षी भी बेहाल नजर आए। हालांकि सोमवार को दिन का पारे में बढ़ोतरी नहीं हुई। जयपुर के रात के पारे में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। नगर निगम ने शहरभर में अलग-अलग जगहों पर तेज गर्मी से आमजन को राहत देने के लिए पानी बौछारें करवाई गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 43.6 और न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों का तापमान
शहर तापमान
सीकर 45.6
चित्तौडग़ढ़ 45
श्रीगंगानगर 45
पिलानी 44.5
अलवर 44.4
जैसलमेर 44.3
वनस्थली 44.2
बीकानेर 44.2
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश