जेडीए में नहीं अधिकारियों को बैठने को ठोर, नए अरेंजमेंट पर खर्च होंगे 7 करोड़
जयपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जयपुर विकास प्राधिकरण के क्षेत्राधिकारी के बढऩे के साथ बड़े अधिकारियों का कोरम पूरा होने के कारण कार्यालय में उनके बैठने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। ऐसे में अधिकारियों को बैठने के लिए कार्यालय उपलब्ध करवाने के लिए जेडीए प्रशासन 7 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च करेगा। इस दिशा में जेडीए ने काम शुरू कर दिया गया है।
जेडीए अधिकारियाें से प्राप्त जानकारी के अनुसार जेडीए परिसर में प्रस्तावित इस नए इंतजाम के तहत अधिकारियों के लिए अलग-अलग कमरे बनाए जाएंगे, जबकि कर्मचारियों के बैठने के लिए फ्लोर पर उपलब्ध खाली जगह का उपयोग किया जाएगा। नए स्ट्रचर में एसई और एक्सईएन के लिए 36 कमरें बनेंगे। जेडीए परिसर में बने नागरिक सेवा केंद्र के बेसमेंट, प्रथम और द्वितीय फ्लोर के रिनोवेशन और रिस्ट्रचर का काम किया जा रहा है। काम की शुरूआत बेसमेंट से कर दी गई है। इस काम को 9 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। जेडीए ने नए रीजन को 23 जोन में बांटा गया है। इसमें 693 राजस्व गांवों के 4 हजार वर्गकिमी एरिया को शामिल किया गया है। ऐसे में अब जेडीए का रीजन 3 हजार से बढ़कर 7 हजार वर्गकिमी हो गया है। पृथ्वीराज नगर को पहले 4 जोन में बांटा हुआ था, अब केवल उत्तर व दक्षिण दो जोन में रखा था, हालांकि वर्तमान में कुछ जोनों का एकीकरण कर दिया गया है। शुरूआती दौर में जेडीए रीजन में 27 जोन थे। नए गावों के शामिल होने से पहले जेडीए में 18 जोन थे जो कि बढ़कर 27 हो गए थे। नए जोन सीमाओं के अनुसार ही प्रवर्तन, सिविल और गार्डन विंग काम कर रही है। योजना पूरी होने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों को एक ही परिसर में व्यवस्थित तरीके से बैठने की सुविधा मिल सकेगी। इससे कार्यालयीन कामकाज को सुचारु बनाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
एक्सईएन मुख्यालय निशांत खंडेलवाल ने बताया कि जेडीए रीजन के विस्तार के बाद अधिकारियाें के पास बैठने के लिए जेडीए में पर्याप्त जगह नहीं है। ऐसे में जेडीए के नागरिक सेवा केंद्र के सीटिंग अरेंजमेंट में आमूलचूल परिवर्तन किया जा रहा है। इसका काम शुरू कर दिया गया है।
जेडीए प्रशासन ने नागरिक सेवा केंद्र के तीन स्तरों पर बैठने की व्यवस्था तैयार करने की योजना बनाई है। इसमें बेसमेंट, प्रथम तल और द्वितीय तल को नए सिरे से विकसित किया जाएगा। प्रत्येक मंजिल पर अधिकारियों के लिए कमरे और कर्मचारियों के लिए अलग स्थान निर्धारित किया जाएगा।
बेसमेंट में 96 अधिकारी-कर्मचारी बैठेंगे: योजना के तहत बेसमेंट में कुल 96 अधिकारियों और कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। यहां अधिकारियों के लिए 13 कमरे बनाए जा रहे हैं। वहीं, बीच के हिस्से में कर्मचारियों के बैठने के लिए खुला स्थान तैयार किया जाएगा। बेसमेंट के पुनर्गठन का काम शुरू कर दिया गया है।
प्रथम तल पर करीब 90 लोगों की व्यवस्था: नागरिक सेवा केंद्र के प्रथम तल पर लगभग 90 अधिकारी-कर्मचारी बैठ सकेंगे। इस तल पर 13 अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) और दो अतिरिक्त मुख्य अभियंता (एसीई) सहित अन्य अधिकारियों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। अधिकारियों और कर्मचारियों की जरूरतों के अनुसार यहां स्थान का पुनर्विन्यास किया जाएगा।
द्वितीय तल पर बनेंगे 10 कमरे: दूसरी मंजिल पर करीब 60 अधिकारियों और कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था विकसित की जा रही है। यहां अधिकारियों के लिए 10 कमरे बनाए जाएंगे। इसके अलावा, बीच में उपलब्ध स्थान का इस्तेमाल कर्मचारियों के बैठने के लिए किया जाएगा। तीनों मंजिलों पर काम पूरा होने के बाद जेडीए मुख्यालय में बैठने की समस्या को काफी हद तक दूर करने का प्रयास होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश