त्योहारों पर उत्तर-पश्चिम रेलवे चलाएगा 38 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, 48 जोड़ी नियमित ट्रेनों में बढ़ेंगे डिब्बे

 


जयपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी त्योहारों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर-पश्चिम रेलवे 38 जोड़ी स्पेशल रेलसेवाओं के 824 फेरे संचालित करेगा। इसके साथ ही 48 जोड़ी नियमित रेलसेवाओं में विभिन्न श्रेणियों के 150 अतिरिक्त डिब्बे अस्थायी रूप से लगाए जाएंगे। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त यात्रीभार को देखते हुए यह व्यवस्था की है।

उत्तर-पश्चिम रेलवे के अनुसार, 13 जोड़ी नई स्पेशल रेलसेवाएं शुरू की जा रही हैं। इनके कुल 264 फेरे होंगे। इसके अलावा पहले से संचालित 16 जोड़ी स्पेशल रेलसेवाओं की अवधि बढ़ाई गई है, जिनके 406 फेरे होंगे। नौ जोड़ी बाईपास स्पेशल रेलसेवाओं का संचालन भी विस्तारित किया गया है। इनके कुल 154 फेरे संचालित होंगे। इस तरह नई स्पेशल ट्रेनों, पहले से चल रही स्पेशल सेवाओं की अवधि बढ़ाने और बाईपास स्पेशल रेलसेवाओं को मिलाकर त्योहारों के दौरान कुल 38 जोड़ी स्पेशल रेलसेवाओं के 824 फेरे होंगे।

रेलवे नियमित ट्रेनों में भी यात्रियों की मांग के अनुरूप अतिरिक्त डिब्बे लगाएगा। 48 जोड़ी रेलसेवाओं में विभिन्न श्रेणियों के 150 डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी से अतिरिक्त सीटें और बर्थ उपलब्ध होंगी। इससे त्योहारों के दौरान यात्रियों को यात्रा के अधिक विकल्प मिल सकेंगे और अतिरिक्त यात्रीभार संभालने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश