सत्रह साल बाद बीकानेर में होगा नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन का 23वां वार्षिक अधिवेशन

 


बीकानेर, 29 सितंबर (हि.स.)। नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन का 23वां वार्षिक जोनल अधिवेशन 3 से 5 अक्टूबर 2026 तक बीकानेर रेलवे स्टेडियम में आयोजित होगा। 17 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद बीकानेर को इस अधिवेशन की मेजबानी का अवसर मिला है। इससे बीकानेर मंडल के रेल कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।

अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में ऑल इंडिया रेलवे मेन्स फेडरेशन, दिल्ली के महामंत्री कॉमरेड शिव गोपाल मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष कॉमरेड जे.आर. भोसले, नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन जयपुर के महामंत्री कॉमरेड मुकेश माथुर तथा जोनल अध्यक्ष कॉमरेड मनोज परिहार शिरकत करेंगे। वहीं उत्तर पश्चिम रेलवे जयपुर के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी राजीव सिंह और बीकानेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविंद विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

अधिवेशन में बीकानेर मंडल के सूरतगढ़, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, सिरसा, बठिंडा, लालगढ़, बीकानेर, रतनगढ़, चूरू, हिसार और लालगढ़ कार्यशाला सहित विभिन्न शाखाओं के सैकड़ों रेल कर्मचारी भाग लेंगे। आयोजकों के अनुसार, जोन के विभिन्न मंडलों से हजारों कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि यूनियन का जोनल अधिवेशन प्रत्येक वर्ष अलग-अलग मंडलों में आयोजित किया जाता है। वर्ष 2009 के बाद पहली बार बीकानेर में इसका आयोजन होने जा रहा है। अधिवेशन की तैयारियों को लेकर मंडल सचिव कॉमरेड गणेश वशिष्ठ एवं मंडल अध्यक्ष कॉमरेड प्रेम कुमार सैनी के नेतृत्व में विभिन्न शाखाओं की बैठकें आयोजित की गई हैं। इन बैठकों में यूनियन पदाधिकारियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को आयोजन से संबंधित अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपने के साथ विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया है। अधिवेशन को सफल बनाने के लिए पदाधिकारी और डेलीगेट्स तैयारियों में जुटे हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव