उत्तर पश्चिम रेलवे ने वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सालभर के समारोह का किया समापन
जयपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सालभर चले समारोह का समापन सप्ताह (01 से 07 नवंबर 2026) मनाया जा रहा है। इस अवसर पर शुक्रवार, 06 नवंबर 2026 को उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन एवं विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार इस कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रमुख विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। साथ ही, प्रदर्शनी के माध्यम से राष्ट्रीय गीत के ऐतिहासिक महत्व, उसकी गौरवशाली विरासत तथा देश की स्वतंत्रता के आंदोलन में उसकी प्रेरणादायी भूमिका को प्रदर्शित किया गया।
उल्लेखनीय है कि ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस सालभर के समारोह के अंतर्गत राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाली विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई। ‘वंदे मातरम्’ की भावना सदैव एकता, समर्पण, राष्ट्रप्रेम और सामूहिक प्रयास के मूल्यों को प्रेरित करती रही है। ये मूल्य उत्तर पश्चिम रेलवे की कार्य संस्कृति एवं कार्यप्रणाली में भी परिलक्षित होते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव