सरकारी स्कूल परिसर में नॉनवेज पार्टी, पुलिस ने दो लोगों को लिया हिरासत में

 


बाड़मेर, 14 जून (हि.स.)। जिले के बाखासर थाना क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लकड़ासर परिसर में कथित रूप से नॉनवेज पार्टी करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है तथा एक ट्रैक्टर भी जब्त किया है।

यह मामला शनिवार शाम का है। विद्यालय में गर्मी की छुट्टियों के चलते नियमित शैक्षणिक गतिविधियां बंद थीं। विद्यालय भवन के जर्जर कमरों को हटाने के बाद मलबा उठाने और भूमि समतलीकरण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान कुछ लोग ट्रैक्टर लेकर स्कूल परिसर में पहुंचे और वहां नॉनवेज भोजन बनाने की तैयारी करने लगे।

घटना के दो वीडियो सामने आए हैं, जिनमें कुछ लोग स्कूल परिसर में बैठकर भोजन बनाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक नाबालिग भी थाली लेकर आता-जाता नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस और शिक्षा विभाग को दी।

विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य मंगलसिंह ने बताया कि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि रविवार सुबह विद्यालय का निरीक्षण किया गया, लेकिन मौके पर पार्टी से संबंधित कोई सामग्री नहीं मिली। वहीं पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया और संबंधित ट्रैक्टर जब्त कर लिया।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं शिक्षा विभाग ने भी घटना को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित