निर्जला एकादशी पर पुष्कर के पवित्र सरोवर में हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

 


अजमेर, 25 जून(हि.स.)। तीर्थराज पुष्कर में गुरुवार निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाने पवित्र सरोवर के घाटों पर पहुंचे। अलसुबह से ही श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर के मुख्य घाटों पर आस्था की डुबकी लगाकर पूजा अर्चना कर जगत पिता ब्रह्मा मंदिर के दर्शन किए और दान दक्षिणा देकर पुण्य अर्जित किया

निर्जला एकादशी के अवसर पर पुष्कर में स्थानीय दुकानदारों, धर्म प्रेमियों के द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शरबत, मिल्क रोज और पीने के पानी की व्यवस्था खास तौर पर की गई। निर्जला एकादशी पर भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुबह से ही पुलिस के कर्मचारी और अधिकारी पुष्कर के प्रत्येक मार्ग, घाट और चौराहों पर निगरानी रखे हुए थे। कस्बे के मुख्य मार्गों, घाटों और बाजारों में पुलिस जाप्ता तैनात रहा। कस्बे में चार पहिये वाहनों और आॅटोचालकों के प्रवेश पर रोक लगाने से स्थानीय दुकानदारों और पैदल चल रहे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली।

तीर्थराज पुरोहितों की ओर से भी गुरुवार को घाटों पर विशेष व्यवस्था की गई। पुरोहितों ने पूजा अर्चना के लिए पहले सही घाटों पर कालीन बिछा रखे थे और फल, फूल, पत्र इत्यादि सामग्री तैयार कर रखी थी। लोगों ने एकादशी का व्रत रखा उन्होंने सरोवर पर पूजा अर्चना कर अपने पितरों को याद किया और याचना की। पुष्कर सरोवर स्नान और पूजा का सिलसिला दिन भर चलता रहा। गुरुवार को मौसम ने भी खास साथ निभाया। आसमान में बादल छाए रहे। हल्की हल्की बूंदाबांदी भी होती रही। मध्यम हवाएं चलती रही इससे श्रद्धालुओं को आनंद आया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष