खेलने निकला नौ वर्षीय मासूम कुएं में मृत मिला
भरतपुर, 19 जून (हि.स.)। सेवर थाना क्षेत्र के मलाह गांव में एक नौ वर्षीय मासूम का शव कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। बच्चा गुरुवार शाम घर से खेलने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। करीब पांच घंटे की तलाश के बाद उसका शव घर से करीब तीन किलोमीटर दूर एक कुएं में मिला।
मलाह गांव निवासी रविकांत ने बताया कि उनका बेटा गुड्डा (9) गुरुवार शाम करीब 5 बजे घर से खेलने की बात कहकर निकला था। शाम करीब 7 बजे तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई और सभी लोग बच्चे की खोज में जुट गए।
करीब पांच घंटे तक तलाश के दौरान परिजन और ग्रामीण गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर एक कुएं के पास पहुंचे।
कुएं में देखने पर गुड्डा का शव पड़ा दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने रात में ही शव को बाहर निकाला और उसे भरतपुर के आरबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां शव को मोर्चरी में रखवाया गया। शुक्रवार सुबह बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना का खुलासा करने की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, गुड्डा तीसरी कक्षा का छात्र था। वह दो भाइयों में बड़ा था, जबकि उसका छोटा भाई प्रिंस महज चार वर्ष का है।
मासूम की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और बच्चे की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित