विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक को निभानी होगी अपनी जिम्मेदारी : कुलपति प्रो. संजीव शर्मा

 




जयपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान जयपुर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान के कुलपति प्रो. संजीव शर्मा ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात संस्थान के सुरक्षाकर्मियों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवको द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई।

समारोह के दौरान संस्थान के चिकित्सकों एवं विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत कर दिया।इस अवसर पर संस्थान के कुलपति प्रो. संजीव शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता हमें अनेक महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान के पश्चात प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि आज भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में सरकार के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करना होगा। जब देश का प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएगा, तभी विकसित भारत के संकल्प को शीघ्र साकार किया जा सकेगा।कुलपति ने संस्थान के चिकित्सकों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त एवं विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं। भारत की समृद्ध आयुर्वेद परंपरा स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। आयुर्वेद के वैज्ञानिक ज्ञान, चिकित्सा पद्धतियों एवं अनुसंधान को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़ते हुए जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।कुलपति ने कहा कि राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान का प्रयास है कि आयुर्वेद की प्राचीन ज्ञान परंपरा को आधुनिक अनुसंधान एवं नवाचार के माध्यम से आगे बढ़ाते हुए देश के स्वास्थ्य एवं विकास में प्रभावी योगदान दिया जाए।कार्यक्रम में संस्थान के शिक्षक, चिकित्सक, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान पूरे संस्थान परिसर में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति एवं उत्साह का वातावरण रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश