कोटा मंडल में माल ढुलाई को नई रफ्तार, पहली बार साइलो से फ्लाई ऐश लोडिंग शुरू

 


काेटा, 04 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में माल परिवहन को अधिक तेज, व्यवस्थित और कुशल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। कोटा–रुठियाई रेलखंड स्थित छबड़ा थर्मल पावर प्लांट साइडिंग में पहली बार साइलो के माध्यम से फ्लाई ऐश की लोडिंग शुरू की गई है। 59 बॉक्सएन वैगनों के रेक में फ्लाई ऐश लोडिंग प्रारंभ की गई। यह रेक छबड़ा थर्मल पावर प्लांट साइडिंग से आदित्य सीमेंट साइडिंग, शंभूपुरा भेजा जाएगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक साैरभ जैन ने बताया कि साइलो आधारित लोडिंग व्यवस्था से फ्लाई ऐश की लोडिंग प्रक्रिया अधिक तेज, सुगम और व्यवस्थित होगी। इससे वैगनों में सामग्री भरने में लगने वाले समय में कमी आएगी तथा बड़े पैमाने पर फ्लाई ऐश को रेल मार्ग से सुविधाजनक रूप से भेजा जा सकेगा। इससे सड़क मार्ग पर भारी वाहनों पर निर्भरता कम करने तथा औद्योगिक माल के सुरक्षित और प्रभावी परिवहन को बढ़ावा मिलने में भी मदद मिलेगी।

इस नई व्यवस्था से भविष्य में प्रतिमाह लगभग 10 से 15 अतिरिक्त रेक लोडिंग की संभावना है। इससे क्षेत्र के उद्योगों को बेहतर रेल परिवहन सुविधा मिलेगी और कोटा मंडल में माल ढुलाई क्षमता का और अधिक उपयोग हो सकेगा।

इस पहल से रेलवे के माल यातायात में वृद्धि के साथ लगभग 2 से 3 करोड़ रुपये प्रतिमाह अतिरिक्त राजस्व की संभावना भी है। यह उपलब्धि कोटा मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के प्रयासों से संभव हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव