कर योग्य आय की पूरी जानकारी देने में मददगार होगा नया आयकर कानून
अजमेर, 26 मई(हि.स.)। आमजन एवं करदाताओं तक देश में लागू नए आयकर कानून की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को आयकर विभाग अजमेर द्वारा एक आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अजमेर, ब्यावर एवं किशनगढ़ के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया। सदस्यों को नए आयकर कानून से जुड़ी जानकारी दी गई। नया आयकर कानून एक अप्रैल 2026 से पूरे देश में लागू हो चुका है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने बताया कि देश में 1 अप्रैल 2026 से नया आयकर कानून 2025 लागू हो चुका है, जिसने वर्ष 1961 के आयकर कानून का स्थान लिया है। नए कानून का उद्देश्य करदाताओं एवं कर सलाहकारों को सरल, स्पष्ट एवं विवाद रहित कर व्यवस्था उपलब्ध कराना है। एक अप्रैल से प्रभावी हुए नए आयकर कानून में ना केवल आयकर धाराओं में कमी हुई है, बल्कि इसमें भाषा की स्पष्टता और सरलता पर पूरा फोकस रखा गया है। 64 वर्ष पूर्व देश में प्रभावी हुए आयकर कानून में 6 दशकों में 4 हजार से अधिक संशोधन हुए। इससे करदाता ही नहीं कर सलाहकारों को आयकर कानून का ढांचा ही भ्रमित करने लगा। कानूनी जटिलताओं को दूर करने के लिए वित्त मंत्रालय ने देश में नया आयकर कानून बनाने की जरूरत महसूस की उम्मीद की जा रही थी। आयकर कानून की पालना में नए कानून से करदाताओं के साथ कर सलाहकारों को भी आसानी होगी।
वक्ताओं ने बताया कि आयकर कानून 1961 में कुल धाराएं 819, कुल चौप्टर 47, असेसमेंट ईयर, परम्परागत कानूनी भाषा थी। जिससे कारण विवादित भाषा से मुकदमे बढ़े है। अब नया आयकर कानून 2025 में कुल धाराएं 536, कुल चौप्टर 23, टैक्स ईयर, सरल भाषा है। इससे सरल भाषा के कारण विवाद में कमी की उम्मीद है।
प्रक्रियाओं की जानकारी के लिए नए आयकर कानून के प्रावधानों के लिए उदयपुर के मुख्य आयकर आयुक्त मनीषा चन्द्रा एवं प्रधान आयकर आयुक्त डॉ. रण सिंह के निर्देशानुसार आयकर विभाग अजमेर द्वारा यह आउटरीच कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें अजमेर की संयुक्त आयकर आयुक्त खण्ड-2 श्रीमती आयुषी शर्मा के नेतृत्व में आयकर उपायुक्त-2 देवेन्द्र सिंह चौधरी द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अन्त में संयुक्त आयकर आयुक्त, खण्ड-2 आयुषी शर्मा ने आये हुए सभी आगन्तुकों का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में अजमेर, ब्यावर एंव किशनगढ़ के आईसीएआई के प्रमुख पदाधिकारी एंव सदस्य सम्मिलित हुए। इस अवसर पर ललितेश मीना, उपनिदेशक (अन्वेषण) अजमेर, महेश मालानी, आयकर अधिकारी ब्यावर, देवेन्द्र कुमार वर्मा आयकर अधिकारी अजमेर एवं सी.आर. तुलसानी, आयकर अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष