नींदड़-बैनाड़ रेलवे स्टेशन पर नए माल गोदाम तैयार ,रेलवे राजस्व में होगी वृद्धि

 


जयपुर, 09 जून (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल द्वारा जयपुर-रींगस रेल लाइन पर स्थित नींदड़ बैनाड़ रेलवे स्टेशन पर नए माल गोदाम (गुड्स शेड) की शुरुआत की गई है। इस महत्वपूर्ण पहल से क्षेत्रीय व्यापार,औद्योगिक गतिविधियों तथा रेलवे के माल परिवहन व्यवसाय को नई गति मिलेगी। साथ ही रेलवे राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक पूजा मित्तल के अनुसार नए माल गोदाम के संचालन से जयपुर शहर एवं आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के व्यापारियों,किसानों तथा उद्यमियों को अपने उत्पादों और माल की रेल मार्ग से ढुलाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। अब व्यापारियों को माल भेजने और प्राप्त करने के लिए दूरस्थ रेलवे माल टर्मिनलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे समय और परिवहन लागत दोनों में कमी आएगी।

जयपुर मंडल के नींदड़-बैनाड़ रेलवे स्टेशन का भौगोलिक स्थान व्यापारिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह क्षेत्र जयपुर के प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक केंद्रों के निकट स्थित होने के कारण माल लदान एवं उतारने के लिए उपयुक्त स्थान के रूप में विकसित किया गया है। यहां उपलब्ध कराई गई आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से विभिन्न प्रकार की वस्तुओं, निर्माण सामग्री,कृषि उत्पादों, औद्योगिक सामान तथा अन्य वाणिज्यिक माल का परिवहन सुगमता से किया जा सकेगा।

रेलवे प्रशासन का मानना है कि इस नई सुविधा से सड़क परिवहन पर निर्भरता कम होगी तथा पर्यावरण अनुकूल और किफायती रेल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। माल परिवहन की बढ़ती संभावनाओं के कारण रेलवे को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा।

स्थानीय व्यापारिक संगठनों एवं उद्योग प्रतिनिधियों ने भी इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि माल गोदाम की स्थापना से व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई दिशा प्राप्त होगी। विशेष रूप से छोटे एवं मध्यम उद्यमों को अपने उत्पाद देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी।

जयपुर मंडल का यह प्रयास क्षेत्रीय आर्थिक विकास, लॉजिस्टिक्स दक्षता और रेलवे की माल ढुलाई क्षमता को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। आने वाले समय में यह माल गोदाम जयपुर क्षेत्र के व्यापार एवं उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण परिवहन केंद्र के रूप में उभरेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश