न्यू गेट रामलीला मैदान में 11 अक्टूबर से सजेगी रामलीला की रंगत

 


जयपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्रि और दशहरा उत्सव के तहत जयपुर में रामलीला की रंगत 11 अक्टूबर से नजर आएगी। श्री सनातन धर्म महोत्सव समिति (रजि.) जयपुर की ओर से न्यू गेट स्थित रामलीला मैदान में 11 से 20 अक्टूबर तक रामलीला महोत्सव आयोजित किया जाएगा। प्रतिदिन शाम 7 से रात 10 बजे तक रामलीला का मंचन होगा। महोत्सव में रामायण के प्रमुख प्रसंगों के साथ विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

समिति अध्यक्ष नवनीत मित्तल ने बताया कि 11 अक्टूबर को गणेश पूजन और नारद मोह लीला के साथ आयोजन की शुरुआत होगी। इसके बाद राम जन्म, विश्वामित्र आगमन, अहिल्या उद्धार, ताड़का वध, धनुष यज्ञ, श्री राम विवाह, वनवास, सीता हरण, शबरी मिलन, हनुमान मिलन, बाली वध, लंका दहन और रामेश्वर स्थापना सहित रामायण के प्रमुख प्रसंगों का मंचन होगा।

महोत्सव में 14 अक्टूबर को श्रीराम बारात मुख्य आकर्षण रहेगी। शाम 6 बजे चांदपोल बाजार स्थित प्राचीन श्री रामचंद्र जी मंदिर से बारात रवाना होगी। यह छोटी चौपड़, त्रिपोलिया, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, बापू बाजार और न्यू गेट होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी। रास्ते में शहरवासी बारात का स्वागत करेंगे। रामलीला मैदान पहुंचने के बाद श्री राम विवाह और कन्यादान की लीला का मंचन होगा।

विजयादशमी पर 20 अक्टूबर को रात 8 बजे 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इससे पहले मेघनाथ वध और अहिरावण वध की लीला होगी। इसके बाद रावण वध तथा श्री राम राज्याभिषेक का मंचन किया जाएगा। रावण दहन के साथ दस दिवसीय रामलीला महोत्सव का समापन होगा।

आयोजन के दौरान स्वचालित झांकियां, चित्रकला प्रदर्शनी, मेहंदी कार्यक्रम, रामायण पात्र वेशभूषा प्रतियोगिता और नवदुर्गा झांकी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। बच्चों के लिए झूले लगाए जाएंगे तथा विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। रामलीला मंचन के लिए मथुरा से प्रसिद्ध कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। आयोजन में प्रतिदिन संत-समाज और विशिष्ट नागरिक भी मौजूद रहेंगे।

समिति की ओर से आयोजन के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न मंदिरों और सामाजिक संस्थाओं में पोस्टर विमोचन कर लोगों को रामलीला महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश