बॉर्डर, डेजर्ट और नाइट टूरिज्म से बीकानेर बनेगा पर्यटन का नया केंद्र : केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम

 


बीकानेर, 12 जुलाई (हि.स.)। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (बीकानेर संभाग) की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को कपिल धारा होटल में आयोजित हुआ। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह के दौरान विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले होटल, होमस्टे, हेरिटेज होटल, रेस्टोरेंट, डेजर्ट कैंप, वेडिंग रिसोर्ट, हॉस्पिटैलिटी, कंटेंट क्रिएशन, फूड ब्लॉगिंग तथा पर्यटन संरक्षण से जुड़े व्यक्तियों एवं संस्थाओं को बीकानेर टूरिज्म एक्सीलेंस अवॉर्ड्स से सम्मानित किया गया।

समारोह में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (बीकानेर संभाग) की नई कार्यकारिणी में कुशल पारीक को अध्यक्ष, वसुंधरा भाटी को उपाध्यक्ष, शैलेन्द्र सिंह शेखावत को महासचिव, गोपाल अग्रवाल को संरक्षक तथा प्रदीप सारस्वत को कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। अतिथियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए बीकानेर संभाग में पर्यटन एवं होटल उद्योग के विकास के लिए प्रभावी भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।

मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि बीकानेर में डेजर्ट टूरिज्म, बॉर्डर टूरिज्म, हेरिटेज टूरिज्म और नाइट टूरिज्म के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि खाजूवाला और श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के रेतीले धोरे पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में सांचू दौरे के दौरान बॉर्डर टूरिज्म को बढ़ावा देने के निर्देश दिए थे। यदि योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए तो पर्यटन के साथ होटल उद्योग और स्थानीय रोजगार को भी नई गति मिलेगी।

मेघवाल ने कहा कि बीकानेर को एक हजार हवेलियों का शहर कहा जाता है और इसकी विरासत देश में अद्वितीय है। उन्होंने हवेलियों के संरक्षण, नाइट टूरिज्म, बॉर्डर टूरिज्म तथा मेडिटेशन सेंटर जैसी परियोजनाओं के लिए विस्तृत डीपीआर तैयार कर केंद्र सरकार को भेजने का आह्वान किया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल और जिला कलक्टर निशांत जैन ने भी पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास पर अपने विचार रखे।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष ए. खान ने कहा कि बीकानेर पर्यटन के समग्र विकास के लिए आगामी 10 वर्षों का विजन प्लान तैयार कर केंद्र सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि बीकानेर की विरासत, संस्कृति, रेगिस्तानी पर्यटन और आतिथ्य परंपरा का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाए तो यह प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकता है।

कार्यक्रम के अंत में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के संरक्षक सुरेन्द्र सिंह शाहपुरा ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, होटल व्यवसायियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बीकानेर के पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए सभी हितधारकों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि जो दिखता है, वही बिकता है, इसलिए बीकानेर की पर्यटन क्षमता को प्रभावी ढंग से दुनिया के सामने प्रस्तुत करने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम का संचालन ऋषभ देव ने किया। इस अवसर पर श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के उपाध्यक्ष रणविजय सिंह, श्याम पंचारिया, सुमन छाजेड़, दीपक पारीक, चम्पालाल गेधर, एडवोकेट अशोक प्रजापत, संतोषानंद महाराज, छोटू बन्ना, विनोद गोयल, वसुंधरा, शक्ति सिंह शेखावत सहित बड़ी संख्या में होटल व्यवसायी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव