1418 नव आरक्षकों ने ली देश सेवा की शपथ
आरपीटीसी और पीटीएस के प्रशिक्षणार्थियों की संयुक्त दीक्षान्त परेड आयोजित
जोधपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र जोधपुर के सुल्तान सिंह स्टेडियम में मंगलवार को रिक्रूट कानिस्टेबल आरपीटीसी जोधपुर के बैच संख्या 92/26 तथा पुलिस ट्रेनिंग स्कूल जोधपुर के बैच संख्या 41/26 के नव आरक्षकों की संयुक्त दीक्षान्त परेड आयोजित की गई। समारोह के दौरान आरपीटीसी एवं पीटीएस के प्रशिक्षण प्राप्त कुल 1418 नव आरक्षकों ने पुलिस सेवा के प्रति कर्तव्य, अनुशासन एवं निष्ठा की शपथ ली।
समारोह में मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, प्रशिक्षण, राजस्थान, जयपुर एचजीआर सुहास ने परेड का निरीक्षण कर मार्चपास्ट की सलामी ली। उन्होंने कहा कि अलग-अलग पृष्ठभूमि से आने वाले आरक्षकों में एकरूपता लाने में प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका है। आधुनिक पुलिसिंग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में कंप्यूटर विज्ञान, मादक पदार्थों की रोकथाम, गैंगस्टर निरोधक उपाय और नए कानूनों से जुड़े विषय शामिल किए गए हैं। उन्होंने नव आरक्षकों से संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एसपीयूपी, जोधपुर के प्रो. कुलपति एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई भी मौजूद रहे। राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केंद्र के प्रधानाचार्य डॉ. महावीर सिंह राणावत ने समारोह की व्यवस्थाएं संभालीं। दीक्षांत समारोह में नव आरक्षकों ने शारीरिक दक्षता, समन्वय और अनुशासन का प्रदर्शन किया। परेड के साथ लेजिम नृत्य, आत्मरक्षा कौशल और पुलिस बैंड की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रशिक्षण अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 नव आरक्षकों को पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सभी 1418 नव आरक्षक अब कानून-व्यवस्था, नागरिक सुरक्षा और जनसेवा से जुड़े दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश