राजस्थान की स्कूलाें में नया शैक्षणिक सत्र शुरू
जयपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान में एक अप्रैल 2026 से नया शैक्षणिक सत्र 2026-27 शुरू हो गया है, जिससे सरकारी स्कूल बच्चों की किलकारियों से गूंज उठे हैं। इस वर्ष से पहली कक्षा में प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 6 के बजाय 5 वर्ष कर दी गई है। साथ ही, 'प्रवेशोत्सव 2026' के तहत शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिए घर-घर सर्वे और निःशुल्क पुस्तकें वितरण अभियान एक अप्रैल से 25 अप्रैल तक चलाया जा रहा है।
शिक्षा विभाग ने गुरुवार को एक्स पर पोस्ट कर स्कूलों में की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी। विभाग की ऑफिशियल एक्स पोस्ट में लिखा गया कि प्रदेश के राजकीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत एक अप्रैल को उत्साहजनक माहौल के साथ हुई। उमंग और उम्मीदों से भरपूर विद्यार्थी सत्र के पहले दिन ही नवीन पाठ्पुस्तकें प्राप्त कर चहक उठे। शिक्षा विभाग की ओर से निशुल्क पाठ्यपुस्तक योजना के तहत विद्यार्थियों को पहले दिन ही पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध करवा दी गईं। सोचिए मत। अपने प्रवेश योग्य बच्चों को राजकीय विद्यालय में प्रवेश दिलवाईये। चलो, राजकीय विद्यालय चलें हम।
अब स्कूलों में नया सत्र शुरू होने के साथ ही 'प्रवेशोत्सव' का पहला चरण 1-25 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें ड्रॉपआउट बच्चों को वापस स्कूल लाने पर जोर है। पहली कक्षा में प्रवेश के लिए बच्चे की न्यूनतम आयु 5 वर्ष कर दी गई है, जिससे हजारों बच्चों को राहत मिली है। 10 साल बाद स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। एक पारी में चलने वाले स्कूल सुबह 7:30 से दोपहर एक बजे तक चलेंगे। बच्चों की पढ़ाई तुरंत शुरू करने के लिए पहली बार सत्र शुरू होते ही निशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित की जा रही हैं।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए हैं, ताकि सरकारी स्कूल निजी स्कूलों की तर्ज पर शिक्षा प्रदान कर सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित