बस्सी  में प्रदेश के पहले ‘नेट जीरो स्कूल’ शुरू, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नई पहल

 




जयपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। बस्सी क्षेत्र स्थित रामसर पालावाला गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में “नेट जीरो स्कूल” का उद्घाटन किया गया। इस पहल के तहत राजकीय विद्यालय को प्रदेश के पहले कार्बन न्यूट्रल, वाटर पॉजिटिव और जीरो वेस्ट कैंपस के रूप में विकसित किया गया है।

कार्यक्रम में जयपुर की निवर्तमान महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर उपस्थित रहीं। डॉ. सौम्या गुर्जर ने नेट जीरो स्कूल का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह परियोजना न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी एक प्रेरणादायक मॉडल बनकर उभरी है।

कार्यक्रम के दौरान क्लाइमेट चेंज, वेस्ट मैनेजमेंट और जल संकट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों को संसाधनों के सजग एवं जिम्मेदार उपयोग के लिए प्रेरित किया। स्कूल के विद्यार्थियों ने एक नाटक के जरिए भी स्वच्छता का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश