नीट पेपर लीक के विरोध में गुरूवार को भाजपा मुख्यालय का घेराव करेगी कांग्रेस

 


जयपुर, 20 मई (हि.स.)। नीट-2026 परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले और इसमें भाजपा नेताओं की संलिप्तता के आरोपों को लेकर राजस्थान कांग्रेस गुरूवार को जयपुर में भाजपा प्रदेश मुख्यालय का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन का नेतृत्व राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि लगातार नीट परीक्षा के पेपर लीक मामलों को रोकने में केंद्र सरकार विफल रही है और जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी के विरोध में कांग्रेस पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे तथा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को भंग करने की मांग कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता गुरूवार सुबह 10 बजे जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर एकत्रित होंगे। इसके बाद कार्यकर्ता जुलूस के रूप में शहीद स्मारक होते हुए भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगे, जहां घेराव और विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से देशभर के लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। पार्टी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश