रेलवे के खिलाडिय़ों ने दिखाया दमखम
जोधपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय खेल दिवस पर रेलवे स्टेडियम खेल गतिविधियों से गुलजार रहा। उत्तर पश्चिम रेलवे खेलकूद संघ के तत्वावधान में जोधपुर मंडल की ओर से आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। क्रिकेट, फुटबॉल, ट्रैकिंग और वॉलीबॉल में खिलाडिय़ों ने खेल भावना के साथ अपना दमखम दिखाया।
मंडल खेलकूद अधिकार तरुण बीका ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत जोधपुर मंडल पर 28 अगस्त को क्रिकेट,29 अगस्त को फुटबॉल तथा 30 अगस्त को ट्रैकिंग और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और खिलाड़ी शामिल हुए। ट्रैकिंग के लिए सिद्धनाथ मंदिर की पहाडिय़ों को चुना गया। इन विभिन्न खेलों के माध्यम से कर्मचारियों को नियमित शारीरिक गतिविधियों से जुडऩे और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने खिलाडिय़ों और रेलकर्मियों का उत्साह बढ़ाते हुए नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल शरीर को स्वस्थ रखने के साथ अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम,मंडल खेलकूद अधिकारी तरुण बीका, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी सहित ललित कुमार, शुभम यादव, अमृतलाल मीणा तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश